×

बिहार : मंत्री श्रवण कुमार बोले-छात्रों को भरोसा रखना चाहिए, उन्हें जरूर न्याय मिलेगा

 

पटना, 25 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार ने मंगलवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में विभिन्न मुद्दों पर अपना पक्ष रखा।

उन्होंने कहा कि हम छात्रों की मांगों पर विचार कर रहे हैं। राज्य सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि नियमों के अनुरूप उन्हें न्याय मिले। स्टूडेंट को सरकार पर भरोसा रखना चाहिए। बिहार देश का इकलौता ऐसा राज्य है, जहां पर लोगों को सबसे ज्यादा सरकारी नौकरी मिली है। हमारी सरकार ने रोजगार के क्षेत्र में भी कदम उठाए हैं और हम आगे भी कदम उठा रहे हैं। कुल मिलाकर, मेरा छात्रों से यही कहना है कि वे धौर्य रखें, उनकी हर बात सुनी जाएगी।

इसके अलावा, उन्होंने महाराष्ट्र में यूपी-बिहार के टैक्सी ड्राइवर को मराठी सीखने के लिए बाध्य करने को अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि हमारे देश में संघीय ढांचा है, जिसके तहत किसी को भी किसी भी राज्य में जाकर रोजगार प्राप्त करने का अधिकार है। ऐसी स्थिति में उसे उस राज्य की भाषा सीखने के लिए मजबूर करना गलत है। महाराष्ट्र सरकार को इस मामले को संज्ञान में लेने के बाद ऐसा करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।

श्रवण कुमार ने राज्य सरकार के टाउनशिप योजना पर कहा कि किसानों से संवाद करने के बाद ही 'टाउनशिप योजना' को धरातल पर उतारने की दिशा में कदम बढ़ाया जाएगा। किसानों को विश्वास में लेने के बाद ही सरकार उस परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में कदम उठाएगी। हमारे मंत्री ने भी समाचार पत्रों के माध्यम से इस बारे में आम लोगों तक जानकारी पहुंचाई है।

वहीं, जनता दल यूनाइटेड के प्रवक्ता राजीव रंजन ने अजीत डोभाल और चीन के विदेश मंत्री वांग यी के बीच बातचीत को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि इस संवाद से दोनों देशों के बीच विवाद खत्म होगा। चीन से हमारे कई क्षेत्रों को लेकर रिश्ते रहे हैं, जिसमें प्रमुख रूप से सीमा और व्यापार शामिल है। हमारी सीमाएं चीन से सटी हुई है। इसी को देखते हुए दोनों देशों के बीच समय-समय पर संवाद होते रहते हैं।

उन्होंने चीनी की बढ़ती कीमतों पर कहा कि यह अस्थायी है, जल्द ही सब सामान्य हो जाएगा। एथेनॉल को लेकर हमें घेरने की कोशिश की जा रही है, जबकि वजह यह है कि इस बार चीनी का उत्पादन कम हुआ है और त्योहारी सीजन नजदीक है। आमतौर पर ऐसी स्थिति प्याज की कीमतों में देखने को मिलती है लेकिन वो भी अस्थायी होता है। इसके बाद हालात सामान्य हो जाते हैं। चीनी की कीमतें भी जल्द ही सामान्य हो जाएंगी।

राजीव रंजन ने पंजाब के आगामी विधानसभा में चुनाव में भाजपा की ओर से सभी सीटों पर चुनाव लड़ने के ऐलान पर प्रतिक्रिया दी। उनके मुताबिक, पंजाब में आम आदमी पार्टी को लेकर लोगों में गुस्सा है। कांग्रेस कई टुकड़ों में विभक्त हो चुकी है। अब लोगों को सिर्फ भाजपा से उम्मीद है। उन्हें लग रहा है कि अगर पंजाब में भाजपा की सरकार बन जाएगी, तो कई समस्याओं का समाधान हो जाएगा क्योंकि केंद्र और राज्य में जब एक ही दल की सरकार रहेगी, तो ऐसी स्थिति में अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगेगा। राज्य में विकास के काम होंगे। इसी के मद्देनजर भाजपा ने सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। भाजपा कोई भी निर्णय लेने से पहले जमीनी स्थिति का गहन अध्ययन करती है।

उन्होंने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव की ओर से छात्रों के साथ राजभवन की ओर मार्च करने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, मुझे छात्रों के आंदोलन का असली कारण समझ नहीं आ रहा है। जब टीयर 3 के लिए 32 हजार से अधिक पदों के लिए रिक्तियां तय कर दी गई। दो बार परीक्षाएं होंगी, जिसकी तैयारी भी हो चुकी हैं। वैसे भी राष्ट्रीय स्तर पर पेपर लीक की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कानून बन चुका है। इसके इतर, बिहार में भी इस संबंध में विशेष समिति का गठन किया जा चुका है, जो पेपर लीक के संबंध में अपने विचार प्रस्तुत करेगा। इसके बाद राज्य सरकार कार्रवाई करेगी। ऐसे में कोई वजह नहीं है कि छात्र आंदोलन करे। आंदोलन करने से बेहतर है कि वो अपना समय परीक्षा की तैयारी में लगाए, ताकि उन्हें सर्वश्रेष्ठ परिणाम प्राप्त हो सके।

इसके अलावा, उन्होंने डिजिटल लेनदेन पर भी कहा कि हमें उम्मीद नहीं थी कि डिजिटल लेनदेन का प्रचार इतना बढ़ जाएगा। यह परिणाम अपेक्षा से बढ़कर है। इसे देखते हुए अब हमारी यूपीआई के संबंध में अन्य देशों से भी बातचीत चल रही है। हमारी बातचीत का केंद्र बिंदु यह है कि कैसे इसके नेटवर्क को अन्य देशों में बढ़ाया जाए।

साथ ही, उन्होंने महाराष्ट्र में टैक्सी ड्राइवरों को मराठी सीखने के लिए एमएनएस की चेतावनी को बेतुका बताया। उन्होंने कहा कि आप किसी को भी अन्य भाषा सीखने पर बाध्य नहीं कर सकते हैं। उनकी स्थानीय भाषा सीखने से आपको उनसे संवाद स्थापित करने में मदद मिलेगी। ऐसी स्थिति में मैं यही कहूंगा कि थोड़ा समय दिया जाना चाहिए, जिससे उन्हें वहां की भाषा सीखने में मदद मिले।

उन्होंने तमिलनाडु के सीएम विजय की तारीफ की। उन्होंने कहा कि वो अपने वादों को पूरा कर रहे हैं, जो अच्छी बात है। किसी भी राजनेता के लिए यह जरूरी हो जाता है कि जो वादे उसने जनता से किए थे, उसे पूरा करें। ऐसी स्थिति में मेरी उन्हें शुभकामाएं हैं।

--आईएएनएस

एसएचके/पीएम