☰
×

मजबूत अल नीनो से हिंदूकुश हिमालय क्षेत्र में बढ़ेगा बारिश और बर्फबारी का खतरा, वीडियो में जानें नेपाल में बाढ़-भूस्खलन की आशंका

 

मजबूत अल नीनो का असर इस सर्दी में हिंदूकुश हिमालय क्षेत्र के मौसम पर दिखाई दे सकता है। इस वजह से नेपाल समेत आसपास के देशों में सामान्य से ज्यादा बारिश और ठंड पड़ने का अनुमान है। नेपाल में सर्दियों के दौरान बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में सामान्य से अधिक बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/EmD0cHxAV-g?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/EmD0cHxAV-g/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

हिंदूकुश हिमालय विंटर आउटलुक 2026 के अनुसार, नेपाल के अलावा अफगानिस्तान और बांग्लादेश में भी अल नीनो का प्रभाव देखने को मिल सकता है। इन देशों के कुछ हिस्सों में सामान्य से ज्यादा बारिश और ठंड पड़ने का अनुमान है। हालांकि, क्षेत्र के कुछ इलाकों में सूखे जैसी स्थिति भी बन सकती है, जिससे जंगलों में आग लगने का खतरा बढ़ सकता है।

अल नीनो के सबसे मजबूत स्तर पर पहुंचने की आशंका

अमेरिका की नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन (NOAA) के मुताबिक, अल नीनो फिलहाल मजबूत से बहुत मजबूत स्थिति में है। इसके 1950 में रिकॉर्ड शुरू होने के बाद सबसे मजबूत अल नीनो बनने की संभावना करीब 60 प्रतिशत बताई गई है।

यह रिपोर्ट काठमांडू स्थित इंटरनेशनल सेंटर फॉर इंटीग्रेटेड माउंटेन डेवलपमेंट (ICIMOD), बीजिंग नॉर्मल यूनिवर्सिटी और चाइनीज एकेडमी ऑफ साइंसेज के इंस्टीट्यूट ऑफ एटमॉस्फेरिक फिजिक्स ने मिलकर तैयार की है। इसमें वैज्ञानिकों ने अल नीनो के कारण हिमालयी क्षेत्र में मौसम से जुड़े संभावित बदलावों का आकलन किया है।

हिमालय की तलहटी में ज्यादा बारिश, ऊंचे इलाकों में बर्फबारी

वैज्ञानिकों के मुताबिक, अल नीनो के प्रभाव से हिंदूकुश हिमालय की तलहटी में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। वहीं, ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी बढ़ने का अनुमान है। ज्यादा बारिश और बर्फबारी के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, हिमस्खलन और बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं का जोखिम बढ़ सकता है।

रिपोर्ट में यह भी चेतावनी दी गई है कि मौसम का असर पूरे क्षेत्र में एक जैसा नहीं रहेगा। कुछ हिस्सों में बारिश की कमी और सूखे की स्थिति बन सकती है। ऐसे इलाकों में वनाग्नि यानी जंगलों में आग लगने की आशंका बढ़ सकती है।

नेपाल और भूटान में पहले भी हो चुकी हैं बड़ी आपदाएं

यह अनुमान नेपाल और भूटान में बेहद नुकसानदायक मानसून के बाद आया है। पिछले मानसून के दौरान इन देशों में भारी बारिश से कई तरह की प्राकृतिक आपदाएं देखने को मिली थीं। ऊंचे पहाड़ों पर ग्लेशियरों और पर्माफ्रॉस्ट में बदलाव से जुड़ी घटनाओं ने भी चिंता बढ़ाई थी।