हाड़ौती में नशे के खिलाफ सख्त अभियान, 1661 मामले दर्ज, 2117 आरोपी गिरफ्तार
कोटा सहित पूरे हाड़ौती संभाग में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। कोटा रेंज, जिसमें कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ जिले शामिल हैं, वहां वर्ष 2024 से अब तक नशे की तस्करी से जुड़े 1661 मामले दर्ज किए गए हैं।
इन मामलों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2117 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह आंकड़े इस बात की ओर संकेत करते हैं कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है और लगातार कार्रवाई की जा रही है।
राजस्थान पुलिस अब केवल छोटे स्तर की गिरफ्तारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने की रणनीति पर काम कर रही है। पुलिस का फोकस उन सप्लाई चैन और बड़े नेटवर्क पर है, जो राज्य में नशे के कारोबार को संचालित कर रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, पिछले वर्ष इस अभियान के तहत सबसे अधिक कार्रवाई दर्ज की गई, जिससे स्पष्ट होता है कि नशे के खिलाफ पुलिस की मुहिम लगातार प्रभावी होती जा रही है। कई अंतरराज्यीय नेटवर्क भी इस कार्रवाई की जद में आए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में युवाओं को नशे की लत से बचाने के उद्देश्य से भी चलाया जा रहा है। इसके लिए जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि हाड़ौती क्षेत्र में नशे की समस्या को पूरी तरह खत्म करने के लिए पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ सामाजिक और शैक्षणिक स्तर पर भी व्यापक प्रयासों की जरूरत है।
फिलहाल पूरे कोटा रेंज में अभियान जारी है और आने वाले समय में इसे और अधिक सख्त करने की तैयारी की जा रही है।