पनामा में खौफनाक भूकंप के बीच अजीबोगरीब वाकया: 100+ आफ्टरशॉक्स के खौफ में भी शराब बचाने में जुटा शख्स!
पनामा में शुक्रवार दोपहर आए शक्तिशाली भूकंप के दौरान एक शख्स का वीडियो चर्चा में है। भूकंप के तेज झटकों से दुकान में रखा सामान हिलने लगा, लेकिन शख्स अपनी जान की परवाह किए बिना शराब की बोतलों को संभालता नजर आया। इस दौरान कुछ बोतलें जमीन पर गिरकर टूट भी गईं।
स्थानीय समय के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे पनामा में 7.6 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र राजधानी पनामा सिटी से करीब 200 किलोमीटर दूर अजुएरो प्रायद्वीप में था। भूकंप के कारण अब तक 27 लोगों के घायल होने की खबर है। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके बाद के 18 घंटों में 100 से ज्यादा आफ्टरशॉक यानी भूकंप के बाद के झटके महसूस किए गए।
चर्च का घंटाघर गिरा, सड़कों पर आईं दरारें
पनामा की नागरिक सुरक्षा एजेंसी के मुताबिक, वेरागुआस, हेरेरा और लॉस सैंटोस समेत कई प्रांतों में भूकंप से नुकसान हुआ है। पेनोनोमे शहर में एक चर्च का घंटाघर गिर गया, जबकि कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। वेरागुआस में सड़कों पर दरारें आने की भी खबर है।अधिकारियों के अनुसार, कई लोग घायल हुए हैं। इनमें एक व्यक्ति पेनोनोमे में मलबे की चपेट में आने से घायल हुआ। भूकंप के कारण घरों और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। कुछ गाड़ियां मलबे के नीचे दबी नजर आईं। झटकों की वजह से स्विमिंग पूल का पानी भी बाहर छलक गया, जबकि कई लोग जान बचाने के लिए दुकानों और इमारतों से बाहर भागते दिखाई दिए।
9 देशों के तटीय इलाकों में सुनामी का अलर्ट
भूकंप के बाद मध्य और दक्षिण अमेरिका के कई तटीय क्षेत्रों में सुनामी की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया था। पनामा, कोस्टा रिका, अल सल्वाडोर, पेरू, मैक्सिको, ग्वाटेमाला, निकारागुआ, कोलंबिया और इक्वाडोर के तटीय इलाकों को संभावित खतरे की चेतावनी दी गई।
एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के मुताबिक, बाद में पनामा, कोलंबिया, इक्वाडोर, निकारागुआ और ग्वाटेमाला के तटों के लिए जारी चेतावनी हटा ली गई। अल सल्वाडोर और चिली के ईस्टर आइलैंड के लिए जारी अलर्ट भी वापस ले लिया गया।
पनामा यूनिवर्सिटी के नेस्टर लुके ने बताया कि इस्ला कानास और लॉस सैंटोस के दक्षिणी तट के पास 1 से 3 मीटर ऊंची लहरें उठने की आशंका थी। इस्ला कानास में समुद्र का पानी कुछ घरों तक पहुंचने की खबर भी सामने आई।
मेट्रो सेवाएं और एयरपोर्ट कुछ घंटों के लिए बंद
भूकंप के बाद सुरक्षा जांच के लिए राजधानी की दो मेट्रो लाइनें बंद कर दी गईं। स्कूलों में भी छुट्टी कर दी गई। टोकुमेन इंटरनेशनल एयरपोर्ट को कुछ घंटों के लिए बंद रखा गया, हालांकि शुक्रवार दोपहर बाद उड़ान सेवाएं फिर से शुरू हो गईं।
भूकंप के कारण छह प्रांतों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई। वहीं, पनामा नहर में जहाजों की आवाजाही पर इसका कोई बड़ा असर नहीं पड़ा और नहर का संचालन सामान्य रूप से जारी रहा। हालांकि, किसी संभावित नुकसान का पता लगाने के लिए जांच टीमें तैनात की गईं।
भूकंप के बाद कई इलाकों में इमारतों, सड़कों और बुनियादी सुविधाओं को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। लगातार आए आफ्टरशॉक के चलते लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।