×

एसटीपीआई में अप्रेंटिस के पदों पर नियुक्ति का अवसर, ग्रेजुएट्स 30 सितंबर तक करें आवेदन

 

नई दिल्ली, 18 सितंबर (आईएएनएस)। देश के किसी प्रतिष्ठित संस्थान से जुड़कर अपने करियर की शुरुआत करने के इच्छुक युवाओं के लिए अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई), नई दिल्ली ने विभिन्न लोकेशन में एक वर्ष की अवधि के लिए अप्रेंटिस के कुल 15 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है।

एसटीपीआई ने जिन लोकेशन्स में अप्रेंटिस के पदों पर भर्ती निकाली है, उनमें मुख्यालय में 2, बेंगलुरु में 2, भुवनेश्वर में 2, चेन्नई में 1, गुवाहाटी में 1, गुरुग्राम में 1, हैदराबाद में 2, नोएडा में 2, मोहाली में 1 और पुणे में 1 पद शामिल है।

इन रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 14 सितंबर से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एसटीपीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं, हालांकि इसके पहले अभ्यर्थियों का एनएटीएस पोर्टल पर रजिस्टर होना भी अनिवार्य है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी (बीटेक)/बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग (बीई) (इलेक्ट्रॉनिक्स/इलेक्ट्रिकल/इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन/टेलीकम्युनिकेशन/कंप्यूटर साइंस/इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) में या आर्ट्स/कॉमर्स/एडमिनिस्ट्रेशन आदि में बैचलर डिग्री होनी चाहिए।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 27 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 14 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, इंटरव्यू और शॉर्टलिस्टिंग के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद बीटेक/बीई वाले चयनित कैंडिडेट्स को 15,000 रुपए और बैचलर डिग्री वाले उम्मीदवारों को 12,300 रुपए प्रति माह स्टाइपेंड के तौर पर दिए जाएंगे।

--आईएएनएस

डीके/वीसी