☰
×

स्थानीय राजनीति से रखेंगे दूरी, रेजीनगर के विकास के लिए सीधे केंद्र से बात करूंगा: हुमायूं कबीर

 

मुर्शिदाबाद, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। आम जनता उन्नयन पार्टी के अध्यक्ष और विधायक हुमायूं कबीर ने मुर्शिदाबाद में कई राजनीतिक और स्थानीय मुद्दों को लेकर बयान दिया है। उन्होंने रेजीनगर के विकास, प्रस्तावित हवाई अड्डे के परिसर से मस्जिद हटाने के मुद्दे और कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी की राजनीतिक भूमिका को लेकर अपनी बात रखी।

रेजीनगर को लेकर आम जनता उन्नयन पार्टी के अध्यक्ष हुमायूं कबीर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि यदि संबंधित आठ विधानसभा क्षेत्रों को मॉडल निर्वाचन क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा सकता है, तो यह स्थानीय लोगों के हित में होगा।

उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर वह स्थानीय स्तर पर नेताओं के बीच चल रही खींचतान में पड़ने के बजाय सीधे दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व से बातचीत करेंगे और आवश्यकता बड़ी को इस संबंध में केंद्रीय मंत्रियों और नितिन नवीन से भी मुलाकात करेंगे।

उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर समीक बाबू और संबंधित पक्ष के बीच लगातार मतभेद और खींचतान चल रही है। ऐसे में उनके बीच पड़ने के बजाय वह सीधे केंद्र के नेताओं से अपनी बात रखने को प्राथमिकता देंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि रेजीनगर और आसपास के क्षेत्रों के विकास के लिए ठोस पहल होती है, तो स्थानीय जनता को इसका लाभ मिलेगा।

हवाई अड्डे के परिसर में स्थित मस्जिद को लेकर भी हुमायूं कबीर ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार है और पश्चिम बंगाल में भी भाजपा की सरकार होने के कारण उन्हें लगता है कि मस्जिद को हटाने की कोशिश की जा रही है।

कबीर ने कहा कि सरकार की मंशा मस्जिद को हटाने की है और यह प्रक्रिया आज नहीं तो कल आगे बढ़ सकती है। इस मामले में अंतरिम आदेश के जरिए मस्जिद को हटाने की कार्रवाई को रोका जा सकता था। अधिकारियों का रुख ऐसा दिखाई दे रहा है कि वे मस्जिद को हटाने के फैसले पर दृढ़ हैं। कबीर ने कहा कि कानून सरकार बनाती है और अंततः प्रशासन को सरकार के फैसलों और निर्देशों का पालन करना होता है।

वहीं, कांग्रेस और अधीर चौधरी से जुड़े सवाल पर हुमायूं कबीर ने कहा कि वह इस मामले पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहते। अधीर चौधरी लंबे समय से ममता बनर्जी के राजनीतिक विरोधी रहे हैं। उन्होंने कहा कि 1998 में तृणमूल कांग्रेस के गठन के बाद से ही अधीर चौधरी लगातार ममता बनर्जी का विरोध करते रहे हैं।

कबीर ने यह भी कहा कि ममता बनर्जी की पार्टी लंबे समय से पश्चिम बंगाल की सत्ता में है, जबकि 2026 के विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ कांग्रेस को राजनीतिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति कमजोर हुई है और पार्टी अपनी दिशा को लेकर संघर्ष कर रही है। कबीर ने यह भी आरोप लगाया कि अधीर चौधरी अतीत में राहुल गांधी के खिलाफ बयान दे चुके हैं और सोनिया गांधी से भी संपर्क कर चुके हैं।

--आईएएनएस

एसएके/एमएस