स्टालिन के चुनाव लड़ने का फैसला उन्हीं का होगा, पार्टी हर निर्णय के साथ : डीएमके
चेन्नई, 21 नवंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव और विभिन्न राजनीतिक एवं धार्मिक मुद्दों को लेकर सियासी हलचल तेज है। इसी बीच डीएमके के प्रवक्ता टीकेएस इलांगोवन ने पार्टी अध्यक्ष एमके स्टालिन के चुनाव लड़ने, कावेरी जल विवाद तथा मदुरै के तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने के मामले पर पार्टी का रुख स्पष्ट किया है।
डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन के कोलाथुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के सवाल पर टीकेएस इलांगोवन ने कहा कि यह फैसला पूरी तरह पार्टी अध्यक्ष को करना है। यदि स्टालिन चुनाव लड़ने के लिए तैयार होते हैं तो पार्टी के नेता और कार्यकर्ता उनके समर्थन में काम करेंगे। यदि वह चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं तो किसी अन्य उम्मीदवार को मैदान में उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष होने के नाते उम्मीदवार चुनने का अधिकार स्टालिन के पास है।
कावेरी जल विवाद पर डीएमके प्रवक्ता ने कहा कि 11 टीएमसी पानी छोड़ने की मांग की गई थी लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि संबंधित पक्ष ने कर्नाटक सरकार से इस संबंध में औपचारिक रूप से मांग की थी या नहीं। उन्होंने कहा कि यदि कर्नाटक सरकार पानी छोड़ने से इनकार करती तो संबंधित पक्ष अदालत का दरवाजा खटखटा सकता था। हालांकि, सीधे अदालत में जाकर 11 टीएमसी पानी छोड़ने की मांग करने पर न्यायालय किस आधार पर हस्तक्षेप कर सकता है? उन्होंने कहा कि अदालत ने भी इसी आधार पर याचिका खारिज की थी।
मदुरै की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपाथून स्तंभ पर कार्तिगई दीपम जलाने की सुप्रीम कोर्ट से अनुमति मिलने के मामले पर इलांगोवन ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पिछले 100 वर्षों से अधिक समय से जिस परंपरा का पालन होता आ रहा है, उसे बदलने की जरूरत क्यों पड़ रही है? उन्होंने कहा कि संबंधित पक्ष इस स्तंभ को दीप जलाने का स्थान मानने के बजाय मापने वाला स्तंभ बता रहे हैं। डीएमके का विरोध इस बात को लेकर है कि इस मुद्दे से इलाके में रहने वाले अलग-अलग धार्मिक समुदायों के बीच तनाव पैदा हो सकता है।
उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक सौहार्द और शांति बनाए रखना है। उनके नेता पहले भी स्पष्ट कर चुके हैं कि किसी भी समुदाय के बीच टकराव नहीं होना चाहिए।
इलांगोवन ने कहा कि राज्य सरकार को यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए कि 100 वर्षों से अधिक समय से जिस स्थान पर दीप प्रज्वलित किया जाता रहा है, वहां परंपरा के अनुसार दीप जलाया जा सके। उन्होंने कहा कि अब राज्य सरकार इस मामले में क्या कदम उठाती है, यह देखना होगा।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम