×

एसएससी भर्ती 2026 : अपर डिवीजन क्लर्क सहित 227 पदों पर आवेदन शुरू, 26 जून अंतिम तिथि

 

नई दिल्ली, 5 जून (आईएएनएस)। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने सीमित विभागीय प्रतियोगी परीक्षा, 2025 के तहत विभिन्न सेवा/संवर्ग में सीनियर सचिवालय सहायक (एसएसए)/अपर डिवीजन क्लर्क (यूडीसी) के कुल 227 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके वैकेंसी की घोषणा की है।

एसएससी की ओर से जारी 227 रिक्तियों में केंद्रीय पासपोर्ट संगठन, विदेश मंत्रालय से 76, सशस्त्र बल मुख्यालय लिपिकीय सेवा से 42, रेलवे बोर्ड सचिवालय लिपिकीय सेवा से 19, केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण से 24, केंद्रीय सतर्कता आयोग से 6, भारत निर्वाचन आयोग से 12, भारतीय वन सर्वेक्षण, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से 4, राष्ट्रीय तकनीकी अनुसंधान संगठन से 8, रक्षा संपदा महानिदेशालय से 8 और विकास आयुक्त कार्यालय, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय से 28 पद शामिल हैं।

इन रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 5 जून से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 26 जून तय की गई है। जो उम्मीदवार सीनियर सचिवालय सहायक (एसएसए)/अपर डिवीजन क्लर्क (यूडीसी) के पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आयोग के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि के रात 11 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन करने के बाद कैंडिडेट्स को अपने एप्लीकेशन फॉर्म की हार्ड कॉपी सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स के साथ 'क्षेत्रीय निदेशक, कर्मचारी चयन आयोग (उत्तरी क्षेत्र), ब्लॉक नंबर 12, सीजीओ कॉम्प्लेक्स, लोधी रोड, नई दिल्ली-110003' पते पर 3 जुलाई के शाम 6 बजे तक डाक के माध्यम से भेजना होगा।

एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में तय वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता और कौशल का होना भी अनिवार्य है।

आवेदकों की अधिकतम आयु विभाग अनुसार 45 से 50 वर्ष के बीत तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित क्षेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर-आधारित एवं लिखित परीक्षा, सेवा अभिलेख का मूल्यांकन, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, मेरिट सूची, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 25,500 से 81,100 रुपए के बीच प्रति माह होगी। वहीं, कंप्यूटर-आधारित परीक्षा (सीबीटी) जुलाई से अगस्त के बीच आयोजित होने की संभावना है।

कैंडिडेट्स को भर्ती, योग्यता, चयन प्रक्रिया आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पद के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम