श्रीनगर में ड्रग तस्करी के आरोपी की 2 करोड़ रुपए की अवैध इमारत ढहाई
श्रीनगर, 4 जून (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर में चलाए जा रहे 'नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान' के तहत श्रीनगर पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने राजस्व विभाग के सहयोग से ड्रग तस्करी के आरोपी की करीब 2 करोड़ रुपए की अवैध तीन मंजिला इमारत को ढहा दिया।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई रैनावारी इलाके के मुमखान मोहल्ला निवासी शेख तसद्दुक के खिलाफ की गई। शेख तसद्दुक पर नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े कई मामलों में शामिल होने का आरोप है। उसके खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि उसकी पत्नी शेख मरूफा का नाम भी एक अन्य एनडीपीएस मामले में सामने आया है।
जांच के दौरान पुलिस और राजस्व विभाग ने आरोपी की संपत्तियों का सत्यापन किया। जांच में सामने आया कि तीन मंजिला कंक्रीट की यह इमारत सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करके बनाई गई थी। अधिकारियों का यह भी दावा है कि इस भवन के निर्माण में कथित तौर पर नशीले पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन का इस्तेमाल किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, विस्तृत जांच में यह पाया गया कि यह संपत्ति अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्तियों की श्रेणी में आती है। साथ ही यह सरकारी जमीन पर किया गया एक अनधिकृत निर्माण भी था। इस कार्रवाई के दौरान करोड़ों रुपए मूल्य की सरकारी जमीन को भी अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया।
सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद और संबंधित राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में इमारत को गिराया गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
श्रीनगर पुलिस ने कहा कि नशीले पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को कमजोर करने और अपराध से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से कमाए गए धन को किसी भी रूप में सुरक्षित नहीं रहने दिया जाएगा।
पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि समाज को नशे की समस्या से मुक्त करने के लिए जनता और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच सहयोग बेहद जरूरी है। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि 'नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर' के लक्ष्य को हासिल करने के लिए ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।
--आईएएनएस
एसएचके/वीसी