श्रीनगर में अंतरराष्ट्रीय क्रेता-विक्रेता सम्मेलन आयोजित, कश्मीरी एग्रो प्रोडक्ट्स के निर्यात को मिलेगा बढ़ावा
जम्मू, 24 मार्च (आईएएनएस)। श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर के प्रीमियम एग्रो और फूड प्रोडक्ट्स को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। जम्मू-कश्मीर कृषि एवं खाद्य महोत्सव के तहत आयोजित क्रेता-विक्रेता सम्मेलन 2026 ने स्थानीय किसानों, उद्यमियों और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को एक साझा मंच पर लाकर नए अवसरों के द्वार खोले हैं।
श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में आयोजित इस बायर-सेलर मीट में 16 से अधिक देशों के करीब 50 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों ने भाग लिया। सम्मेलन में कश्मीर के प्रसिद्ध केसर, शहद, अखरोट और अन्य ड्राई फ्रूट्स के साथ-साथ ताजे कृषि उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। इन उत्पादों में निर्यात की व्यापक संभावनाएं नजर आ रही हैं, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम का एक प्रमुख उद्देश्य स्थानीय उत्पादकों को अंतरराष्ट्रीय मानकों और सर्टिफिकेशन प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करना भी रहा। खरीदारों ने कश्मीरी उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की, लेकिन साथ ही यह भी सुझाव दिया कि वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा के लिए जरूरी दस्तावेजीकरण और सर्टिफिकेशन पर और ध्यान देने की आवश्यकता है।
मलेशिया, जापान, यूएई और यूरोप से आए खरीदारों ने कश्मीरी उत्पादों में खास रुचि दिखाई, जिससे भविष्य में निर्यात के नए अवसर बनने की संभावना है। वहीं, स्थानीय उद्यमियों और स्टार्टअप्स के लिए यह आयोजन एक बड़ा मंच साबित हुआ है। पहली बार अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने अपने उत्पाद प्रस्तुत करने का अवसर मिलने से उनमें उत्साह देखा गया। इस आयोजन का उद्देश्य कश्मीर के पारंपरिक और उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ना है।
उद्यमियों का मानना है कि ऐसे आयोजनों से न केवल व्यापार में वृद्धि होगी, बल्कि कश्मीर की समृद्ध सांस्कृतिक और कृषि विरासत को भी वैश्विक स्तर पर पहचान मिलेगी। कुल मिलाकर, यह महोत्सव जम्मू-कश्मीर के किसानों और उद्यमियों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है, जो उन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को भी नई दिशा दे रहा है।
ट्रेड प्रमोशन काउंसिल ऑफ इंडिया के सचिन कुमार ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि इससे यहां के लोगों को काफी फायदा होगा। यहां के फूड को प्रमोट करना है, जिससे दूसरे देशों तक इसे पहुंचाया जा सके। यहां कई देशों के लोग भी आए हैं, जिन्हें उत्पाद पसंद आ रहे हैं।
एक उद्यमी ने कहा कि इस तरह का आयोजन होते रहना चाहिए, इससे लोगों को काफी फायदा होता है। यह आयोजन काफी अच्छा किया गया है। हम लोग यहां अपने प्रोडक्ट के बारे में लोगों को जानकारी दे रहे हैं। हम लोगों से फेस टू फेस जुड़ रहे हैं।
--आईएएनएस
एसएके/एबीएम