श्रीगंगानगर ब्लास्ट केस: राजस्थान पुलिस ने रामसिंहपुर रेलवे स्टेशन के पास बरामद किए दो बम
श्रीगंगानगर, 16 नवंबर (आईएएनएस)। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में 3 नवंबर को अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर हुए ब्लास्ट केस की जांच के दौरान पुलिस ने दो और बम बरामद किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से एक बम लाइव मोड में था, जबकि दूसरा डिफ्यूज मोड में मिला।
अधिकारियों ने बताया कि रामसिंहपुर रेलवे स्टेशन के पास दो और बम बरामद हुए हैं। पुलिस टीम इस मामले में गिरफ्तार आरोपी महिला महकदीप कौर और देविंदर सिंह को मौके पर लेकर पहुंची थी, जहां आरोपियों ने दोनों बमों के छिपाए जाने के स्थान की जानकारी दी। इसके बाद दोनों बमों को बरामद किया गया। अधिकारी नितिन चौधरी ने बताया कि मामले में आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई जारी है।
इससे पहले, एटीएस की जांच में खुलासा हुआ कि एक पाकिस्तानी हैंडलर ने पंजाब के गुरदासपुर की रहने वाली तलाकशुदा महिला को 'प्यार के जाल' में फंसाया था। उसने महिला को पैसों का लालच दिया और रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट के लिए तैयार किया। जांच में यह भी पता चला कि महिला ने पंजाब के ही अपने एक प्रेमी को भी पैसों और शादी का वादा देकर इस साजिश में शामिल किया था।
एटीएस के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) दिनेश एमएन ने बताया कि यह साजिश कथित तौर पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर रची गई थी, जिसका मकसद एक यात्री ट्रेन को उड़ाना था। हालांकि, टाइमिंग में गलती के कारण विस्फोटक ट्रेन के गुजरने के लगभग 30 मिनट बाद फटा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
एटीएस के अनुसार, महकदीप इस साजिश में अपने पूर्व पति करण के जरिए जुड़ी थी। महकदीप ने लगभग दो साल पहले करण से शादी की थी, लेकिन 24 दिसंबर 2024 को उनका तलाक हो गया। फरवरी 2025 में, करण को हेरोइन तस्करी के मामले में जेल हो गई। जेल में मुलाकात के दौरान उसने महकदीप को पाकिस्तान में बैठे 'लवली' नाम के एक तस्कर का फोन नंबर दिया, जिससे वह पैसे का इंतजाम कर सकती थी।
इसके बाद महकदीप ने 'लवली' से संपर्क किया, जिसने उसे 'शाह' नाम के अपने एक साथी से मिलवाया। आरोप है कि उसने महकदीप के साथ प्रेम संबंध बनाए और धीरे-धीरे उसे पैसों के बदले रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने के लिए राजी कर लिया।
इसके बाद, पाकिस्तानी हैंडलर ने कथित तौर पर वीडियो कॉल के जरिए महकदीप और उसके प्रेमी देविंदर को पाकिस्तान में मौजूद अपने एक साथी से मिलवाया, जिसे उसने अपना चाचा बताया था। उस हैंडलर ने उन्हें आईईडी लगाने का काम सौंपा और बाद में वीडियो कॉल के जरिए उन्हें टाइम बम तैयार करने और उसे सेट करने के निर्देश दिए।
--आईएएनएस
डीसीएच/