×

श्रीधर वेंबु ने की तमिलनाडु में दोबारा चुनाव की मांग, कहा- इस बार 'नौ कैश फॉर वोट' पर हो अमल

 

नई दिल्ली, 7 मई (आईएएनएस)। तमिलनाडु की राजनीति इस समय बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गई है। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) ने विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन किया लेकिन बहुमत से कुछ सीटें पीछे रह जाने के कारण सरकार गठन को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। इसी बीच जोहो के मुख्य वैज्ञानिक और सह-संस्थापक श्रीधर वेम्बु ने तमिलनाडु में दोबारा चुनाव कराने की मांग कर दी है।

श्रीधर वेंबु ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, "आंकड़े मेल खाते हुए नहीं लग रहे हैं। जो भी सरकार किसी तरह जोड़-तोड़ करके बनाई जाएगी, उसके अस्थिर होने की ही संभावना है क्योंकि उस पर कई तरह के दबाव और खींचतान होंगे। तमिलनाडु इससे बेहतर का हकदार है।"

उन्होंने कहा, "राष्ट्रपति शासन लगाकर नए चुनाव करवाना ही शायद सबसे सही रास्ता हो और इस बार 'वोट के बदले कैश नहीं' नियम को बहुत सख्ती से लागू किया जाए। तब हमें पता चलेगा कि असली जनादेश किसके पास है।"

श्रीधर वेंबु "मुझे लगता है कि विजय भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापस आएंगे और अगर डीएमके-एआईएडीएमके इसे रोकना चाहते हैं, तो वे दोनों मिलकर चुनाव लड़ लें। भाजपा को अकेले ही चुनाव लड़ना चाहिए, भले ही उसे एक भी सीट न मिले। तमिलनाडु में भाजपा के लिए एक नई शुरुआत करने का यही सही समय है। लोगों को एक बार फिर से फैसला करने दिया जाए।"

दरअसल, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी टीवीके ने 108 सीटें जीतकर सभी को चौंका दिया। हालांकि बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है और पार्टी अभी 10 सीटें कम है। सरकार बनाने के लिए विजय लगातार अन्य दलों से समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, टीवीके ने कांग्रेस, वीसीके, सीपीआई और सीपीएम से समर्थन मांगा है। कांग्रेस, जिसके पास पांच सीटें हैं, ने विजय को समर्थन देने के संकेत भी दिए हैं। वहीं, टीवीके नेताओं ने एआईएडीएमके प्रमुख एडप्पादी के. पलानीस्वामी से भी मुलाकात की है। इसके अलावा भाजपा सहयोगी पीएमके से भी संपर्क किया गया है, जिसके पास चार सीटें हैं।

इस बीच विजय ने बुधवार को तमिलनाडु के राज्यपाल राजेन्द्र अर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। हालांकि अभी तक राज्यपाल की ओर से सरकार गठन को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम