×

श्रीलंका में रिवर्स स्विंग के लिए गेंद को सूखा रखना जरूरी: प्रसिद्ध कृष्णा

 

गाले, 17 अगस्त (आईएएनएस)। भारत और श्रीलंका के बीच सीरीज का पहला टेस्ट मैच गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टीम इंडिया के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा का मानना है कि श्रीलंका के उमस भरे मौसम में रिवर्स स्विंग पाने के लिए तेज गेंदबाजों को गेंद की चमक और सूखापन बनाए रखना होगा।

प्रसिद्ध ने कहा कि टीम असरदार प्रदर्शन के लिए आसान और अनुशासित लेंथ पर भरोसा कर रही है। पहली पारी में 462 रन पर ऑलआउट होने के बाद भारत को गेंदबाजों और फील्डरों दोनों से अतिरिक्त प्रयास की जरूरत होगी ताकि गेंद पिच से मूवमेंट के लिए सही स्थिति में रहे।

प्रसिद्ध ने ब्रॉडकास्टर के साथ बातचीत में कहा, "यह निश्चित रूप से मुश्किल है। मुझे लगता है कि यहीं पर फील्डरों और बाकी लोगों की भूमिका अहम हो जाती है- गेंद को सूखा रखना और गेंदबाजों की मदद करना। दौड़ते समय गेंद को कम से कम छुएं, बस पकड़ें और फिर दौड़ें। हालांकि, मुझे लगता है कि यह भी एक हुनर ​​है। गेंदबाज के तौर पर आपको कोई तरीका खोजना होगा, जैसे रिस्टबैंड पहनना या हर समय पीठ के पीछे तौलिया रखना। तो ऐसी कोई चीज काम आएगी।" ।

उन्होंने पिच के तेजी से खराब होने की बात को भी खारिज कर दिया और कहा कि मेहमान टीम इस बात पर बारीकी से नजर रख रही है कि मेजबान टीम के गेंदबाजों ने अपने स्पेल के दौरान कैसी गेंदबाजी की। प्रसिद्ध ने कहा, "पिच के टूटने के बारे में कोई बात नहीं हुई है। हम पिच को भी देख रहे हैं। ऐसा नहीं लगता है कि यह अभी टूटी है। मगर हम उन जगहों पर ध्यान दे रहे हैं जहां श्रीलंकाई गेंदबाजों ने गेंदबाजी की। उन्होंने अलग-अलग सेशन में अच्छा काम किया, इसलिए हम बस उनसे सीखने की कोशिश कर रहे हैं।"

उप-महाद्वीपीय पिचों पर जरूरी रणनीतिक बदलावों के बारे में बेंगलुरु के तेज गेंदबाज़ ने कहा कि बेसिक लाइन और लेंथ पर अमल करना ही मुख्य हथियार है। "यह सबसे जरूरी चीज है। मुझे लगता है कि लेंथ बहुत कुछ तय करती है। यहां तक कि लाइन भी; सच कहूं तो, इस विकेट पर अगर आप अच्छी लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी कर सकते हैं - जो हर कोई, हर कोच आपको बताता है- तो यही सबसे आसान चीज है जो हम यहां कर सकते हैं।"

तकनीकी अमल के अलावा प्रसिद्ध ने मैदान पर लंबे और थकाऊ समय के दौरान टीम का मनोबल और ऊर्जा बनाए रखने में तेज गेंदबाजों की जिम्मेदारी पर जोर दिया। "तेज गेंदबाज़ों के तौर पर अच्छा रवैया अपनाना महत्वपूर्ण है। मुझे पता है कि जब आप आते हैं, कड़ी मेहनत से गेंदबाजी करते हैं और मैदान पर अपना काम करते हैं, तो टीम में बहुत जोश और खुशी आती है। मुझे लगता है कि हम यही करने की कोशिश कर रहे हैं।"

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकल में अहम प्वाइंट्स दांव पर लगे हैं, इसलिए प्रसिद्ध ने कहा कि भारतीय टीम आगे की सोचने के बजाय अभी के सेशन पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा, "बिल्कुल। मुझे लगता है कि आने वाले सभी मैचों में हम जो करने जा रहे हैं, उसे लेकर बहुत पक्के इरादे के साथ उतरना होगा और मैदान पर पूरी शिद्दत दिखानी होगी। इसी वजह से एक बार में एक दिन और एक सेशन पर ध्यान दें, और फिर बाद में बड़ी तस्वीर के बारे में सोचें।"

--आईएएनएस

एसएम/पीएम