श्रीलंका के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड टीम का ऐलान, अनेरिन-क्रोकोम्बे को पहली बार मिली जगह
नई दिल्ली, 4 सितंबर (आईएएनएस)। श्रीलंका के खिलाफ तीन वनडे और 3 टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज के लिए इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने टीम का ऐलान कर दिया है। दोनों ही फॉर्मेट में टीम की कमान हैरी ब्रूक के हाथों में सौंपी गई है। जेमी ओवरटन की टीम में वापसी हुई है।
टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए चुनी गई 16 सदस्यीय टीम में सलामी बल्लेबाज अनेरिन डोनाल्ड को पहली बार जगह दी गई है। वहीं, वनडे में हेनरी क्रोकोम्बे को पहली बार इंग्लैंड टीम से बुलावा आया है। भारत के खिलाफ चोट के कारण व्हाइट बॉल सीरीज मिस करने वाले ओवरटन की दोनों ही फॉर्मेट की टीम में वापसी हुई है।
सैम करन और फिल साल्ट इंजरी के कारण इस सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं हो सके हैं। वहीं, जैकब बेथेल अपनी सफल घुटने की सर्जरी के बाद रिहैब पूरा कर रहे हैं। क्रोकॉम्बे पर इंग्लैंड टीम की काफी समय से नजरें थीं। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दौरान ओली रॉबिन्सन के बैकअप के तौर पर इंग्लैंड की टीम में शामिल हुए थे। 24 वर्षीय इस खिलाड़ी ने अब तक खेले 36 लिस्ट-ए मुकाबलों में 49 विकेट चटकाए हैं और अपनी गेंदबाजी से खासा प्रभावित किया है।
वहीं, अनेरिन डोनाल्ड का प्रदर्शन टी20 ब्लास्ट में डर्बीशायर की तरफ से खेलते हुए शानदार रहा था। उन्होंने 230 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 489 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने चार अर्धशतक भी लगाए थे। साल 2015 में अपना टी20 डेब्यू करने वाले डोनाल्ड अब तक इस फॉर्मेट में 2,423 रन बना चुके हैं, जिसमें 18 अर्धशतक शामिल हैं।
घरेलू सरजमीं पर इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ व्हाइट बॉल सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। इंग्लिश टीम ने पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज को 4-0 से अपने नाम किया था। वहीं, वनडे में भी इंग्लैंड का प्रदर्शन शानदार रहा था और टीम ने सीरीज 2-1 से जीती थी। इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच टी20 सीरीज का आगाज 15 सितंबर से होगा। सीरीज का दूसरा मुकाबला 17 और अंतिम टी20 मुकाबला 19 सितंबर को खेला जाना है। वनडे सीरीज का आगाज 22 सितंबर से होगा। दूसरा एकदिवसीय मुकाबला 24 और तीसरा वनडे मैच 27 सितंबर को खेला जाएगा।
श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड का स्क्वॉड: हैरी ब्रूक (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, सोनी बेकर, टॉम बैंटन, जोस बटलर, जेम्स कोल्स, जॉर्डन कॉक्स, लियाम डॉसन, एन्यूरिन डोनाल्ड, बेन डकेट, विल जैक्स, साकिब महमूद, जेमी ओवरटन, आदिल राशिद और जोश टंग।
श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए इंग्लैंड का स्क्वॉड: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, टॉम बैंटन, सोनी बेकर, जोस बटलर, जॉर्डन कॉक्स, हेनरी क्रोकोम्बे, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल राशिद, जो रूट और जोश टंग।
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम