☰
×

देश के 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में आज से वोटर लिस्ट का विशेष पुनरीक्षण, 6 करोड़ मतदाताओं को नाम जुड़वाने का मौका; यूपी में 5 दिन बाद शुरू होगी प्रक्रिया

 

देश में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए चुनाव आयोग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण यानी स्पेशल समरी रिवीजन (SSR) की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत 12 नवंबर से 14 राज्यों और 3 केंद्रशासित प्रदेशों में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण किया जाएगा। इस प्रक्रिया के दौरान नए मतदाताओं को अपना नाम जुड़वाने, पुराने मतदाता अपना पता बदलवाने और वोटर लिस्ट में मौजूद गलतियों को ठीक कराने का मौका मिलेगा।

इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रहे और अपात्र लोगों के नाम सूची में शामिल न हों। चुनाव आयोग ने इसके लिए 1 जनवरी 2027 को पात्रता की मुख्य तारीख निर्धारित किया है। यानी इस तारीख तक 18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के पात्र होंगे।

इन 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में होगी प्रक्रिया

चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, SSR की प्रक्रिया 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में आयोजित की जाएगी। इनमें असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरल, मध्य प्रदेश, मणिपुर, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल शामिल हैं।

इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप और पुडुचेरी में भी यह अभियान चलाया जाएगा। इन राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए मतदाता सूची को अपडेट करना महत्वपूर्ण है।

यूपी में 5 दिन बाद शुरू होगी प्रक्रिया

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के मसौदे के प्रकाशन की तारीख पांच दिन आगे बढ़ा दी गई है। पहले यह सूची 12 नवंबर को जारी होनी थी, लेकिन अब इसे 17 नवंबर को प्रकाशित किया जाएगा। राज्य की सभी 403 विधानसभा सीटों की मतदाता सूची को इस प्रक्रिया के तहत अपडेट किया जाएगा।

हालांकि, अंतिम मतदाता सूची जारी करने की तारीख 4 जनवरी 2027 ही रखी गई है।

कब तक जुड़वा सकेंगे नाम, जानिए पूरा शेड्यूल

चुनाव आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मतदाता सूची का मसौदा 12 नवंबर 2026 को जारी किया जाएगा। इसके बाद 11 दिसंबर तक मतदाता नाम जोड़ने, हटाने और गलतियों में सुधार के लिए दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।

  • 12 नवंबर 2026: मसौदा मतदाता सूची का प्रकाशन

  • 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026: दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि

  • 28 दिसंबर 2026: दावों और आपत्तियों का निपटारा

  • 4 जनवरी 2027: अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन

उत्तर प्रदेश में मसौदा सूची 17 नवंबर को जारी होगी, जबकि अंतिम सूची की तारीख 4 जनवरी 2027 निर्धारित है।

नए वोटर कौन सा फॉर्म भरें?

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा। जिन लोगों का नाम पहले से मतदाता सूची में है और वे अपना पता बदलवाना चाहते हैं या नाम, उम्र और अन्य जानकारियों में सुधार कराना चाहते हैं, वे फॉर्म-8 का इस्तेमाल कर सकते हैं।

इसके अलावा 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को 18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन जमा कर सकते हैं। इससे पात्र होने पर उनका नाम संबंधित तारीख के अनुसार मतदाता सूची में शामिल किया जा सकेगा।

SSR और SIR में क्या है अंतर?

SSR और SIR दोनों मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रियाएं हैं, लेकिन इनके तरीके अलग हैं। स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) में मतदाताओं की पात्रता की विस्तृत जांच की जाती है और मतदाताओं से गणना फॉर्म भरवाए जाते हैं। वहीं, स्पेशल समरी रिवीजन (SSR) में मौजूदा मतदाता सूची को आधार बनाकर नए नाम जोड़े जाते हैं और गलतियों को ठीक किया जाता है।

SSR के दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर गणना फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया नहीं करते। हालांकि, मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित या डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाने के लिए निर्धारित कानूनी प्रक्रिया और नोटिस का पालन करना जरूरी है।

करीब 6 करोड़ मतदाताओं के लिए अहम मौका

इस अभियान के जरिए बड़ी संख्या में ऐसे लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने का अवसर मिलेगा, जो किसी कारण से अब तक पंजीकरण नहीं करा पाए हैं। खासतौर पर पहली बार वोट डालने वाले युवाओं, दूसरे स्थान पर शिफ्ट हुए लोगों और मतदाता सूची में गलत जानकारी वाले नागरिकों के लिए यह प्रक्रिया महत्वपूर्ण है।

चुनाव आयोग ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। इसलिए मतदाताओं को सलाह है कि मसौदा सूची जारी होने के बाद अपना नाम, पता और अन्य जानकारियां जरूर जांच लें।