स्पेन की ओर बढ़ रहा है भारतीय नौसेना का आईएनएस ‘सुदर्शनी’
नई दिल्ली, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय नौसेना का सेल ट्रेनिंग शिप आईएनएस ‘सुदर्शनी’ स्पेन के लास पाल्मास की ओर बढ़ रहा है। दरअसल भारतीय नौसेना का यह एक बेहद खास पोत है। तीन मस्तूलों वाला नौसैनिक बार्क आईएनएस सुदर्शनी अपने पाल के जरिए समुद्री यात्रा कर रहा है।
समुद्र में यह शिप करीब 22,000 नॉटिकल मील से अधिक की यात्रा पर निकला है। स्पेन की ओर अग्रसर होने से पहले आईएनएस सुदर्शनी मोरक्को के कैसाब्लांका पहुंचा था। यहां इसने अपनी सफल और सार्थक बंदरगाह यात्रा सम्पन्न की।
यह यात्रा मौजूदा ‘लोकयान 26’ तैनाती के हिस्से के रूप में भारत-मोरक्को समुद्री साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा।
गौरतलब है कि 20 जनवरी को भारतीय नौसेना का यह सेल ट्रेनिंग शिप ‘आईएनएस सुदर्शनी’ कोच्चि स्थित नौसैनिक अड्डे से रवाना हुआ था। यह अभियान महासागरों के पार सहयोग, विश्वास और मित्रता के सेतु निर्माण का संदेश दे रहा है। इस अभियान की भावना ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ और विजन ‘महासागर’ से प्रेरित है।
‘सुदर्शनी’ करीब 10 महीने लंबी यात्रा पर है। अपनी इस यात्रा के दौरान यह कुल 13 देशों के 18 विदेशी बंदरगाहों पर पहुंचेगा। मोरक्को में बंदरगाह यात्रा के दौरान आईएनएस सुदर्शनी के कमांडिंग ऑफिसर ने यहां वरिष्ठ नौसेना अधिकारियों के साथ पेशेवर बातचीत की, जिसमें मुख्य रूप से प्रशिक्षण आदान-प्रदान और समुद्री सहयोग पर ध्यान केंद्रित किया गया।
यहां मोरक्को में ‘लोकयान' के मूल भाव को सक्रिय प्रशिक्षण गतिविधियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। ‘क्रॉस डेक’ दौरों और मैत्रीपूर्ण खेल प्रतियोगिताओं के दौरान रॉयल मोरक्कन नेवल स्कूल के कैडेटों के साथ बातचीत की गई।
राजनयिक पहुंच को और बढ़ाते हुए आईएनएस सुदर्शनी पर एक स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जिसके जवाब में रॉयल मोरक्कन नौसेना ने भी एक दोपहर के भोज की मेजबानी की, जिससे पेशवर एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूती मिली।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, यह यात्रा साझा समुद्री हितों और रणनीतिक तालमेल से प्रेरित दोनों देशों के बीच गहरे होते समुद्री संबंधों की पुन पुष्टि करती है। आईएनएस सुदर्शनी अब ‘वसुधैव कुटुंबकम‘ और समुद्र के पार सद्भावना का संदेश लेकर स्पेन के लास पाल्मास के लिए रवाना हो गया है।
--आईएएनएस
जीसीबी/एएसएच