×

साउथ दिल्ली में महिला ने दिखाई बहादुरी, मोबाइल छीनने वाले दो बदमाशों को खुद पकड़ा

 

नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। साउथ दिल्ली में आम लोग और पुलिस के बीच साझेदारी का एक जबरदस्त उदाहरण सामने आया है। अम्बेडकर नगर की रहने वाली 26 साल की तनीष्का ने अपनी सूझबूझ और हिम्मत से दो मोबाइल छीनने वाले चोरों को पकड़कर सबको हैरान कर दिया। पुलिस ने तनीष्का की हिम्मत की सराहना करते हुए उसे सम्मानित किया।

जानकारी के अनुसार, 19 मार्च की दोपहर 3 बजे की बात है। तनीष्का बीआरटी रोड से कालकाजी मंदिर जा रही थी कि तभी दो लड़कों ने स्कूटर पर आकर उसका फोन छीन लिया। लेकिन तनीष्का ने डरने की बजाय तुरंत कार्रवाई की। उसने एक ई-रिक्शा पकड़कर चोरों का पीछा किया और राहगीरों की मदद से उन्हें घेर लिया। आखिरकार उसने अपना मोबाइल वापस लिया और दोनों आरोपियों को पुलिस के आने तक वहीं रोके रखा।

दिल्ली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को प्रेस नोट जारी कर बताया कि 23 मार्च (सोमवार) को डीसीपी साउथ डिस्ट्रिक्ट अनंत मित्तल ने तनीष्का को एक विशेष समारोह में सम्मानित किया। इस मौके पर कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। तनीष्का की बहादुरी, फुर्तीली सोच और पुलिस के काम में योगदान की जमकर तारीफ हुई।

पुलिस का कहना है कि तनीष्का की बहादुरी न सिर्फ उसे, बल्कि समाज में हर महिला के लिए एक प्रेरणा है। उन्होंने साबित कर दिया कि अगर हम हिम्मत और समझदारी के साथ काम करें, तो अपराधियों को पकड़ना आसान है।

साउथ डिस्ट्रिक्ट पुलिस लगातार ऐसे नागरिकों का सम्मान करती है जो साहस दिखाते हैं और समाज को सुरक्षित बनाने में मदद करते हैं। इस कड़ी में सोमवार को तनीष्का को भी दिल्ली पुलिस द्वारा सम्मानित किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने तनीष्का की बहादुरी की जमकर तारीफ भी की।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस