सौरव गांगुली बने दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच, वीडियो में जाने IPL के अगले सीजन में संभालेंगे टीम की कमान
पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को दिल्ली कैपिटल्स ने IPL के अगले सीजन के लिए अपना हेड कोच नियुक्त किया है। गांगुली इससे पहले भी दिल्ली कैपिटल्स के साथ काम कर चुके हैं। वह टीम में डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट की भूमिका निभा चुके हैं। अब फ्रेंचाइजी ने उन्हें टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी सौंपी है।गांगुली ने 2025 में प्रिटोरिया कैपिटल्स के हेड कोच के रूप में अपने कोचिंग करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद अब वह IPL में बतौर हेड कोच नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं। उनके अनुभव को देखते हुए दिल्ली कैपिटल्स को उनसे टीम को पहली IPL ट्रॉफी दिलाने की उम्मीद होगी।
KKR से शुरू हुआ था IPL सफर
सौरव गांगुली का IPL करियर 2008 में शुरू हुआ था। उन्होंने पहले सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेला था। इसके बाद उन्होंने पुणे वॉरियर्स इंडिया का भी प्रतिनिधित्व किया। गांगुली ने दोनों टीमों की कप्तानी भी की।उन्होंने IPL में कुल 59 मुकाबले खेले, जिसमें 1,349 रन बनाए। इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर 91 रन रहा और उनके नाम 7 अर्धशतक हैं। बतौर गेंदबाज भी उन्होंने योगदान दिया और IPL करियर में 10 विकेट हासिल किए।गांगुली ने IPL में अपना आखिरी मुकाबला 2012 में पुणे वॉरियर्स इंडिया के लिए खेला था। इसके बाद वह क्रिकेट प्रशासन और टीम मैनेजमेंट से जुड़ी भूमिकाओं में सक्रिय रहे।
दिल्ली को पहली IPL ट्रॉफी का इंतजार
दिल्ली कैपिटल्स अब तक IPL का खिताब नहीं जीत सकी है। टीम 2020 में पहली बार IPL के फाइनल में पहुंची थी। हालांकि, फाइनल मुकाबले में उसे मुंबई इंडियंस के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।अब गांगुली के नेतृत्व में दिल्ली कैपिटल्स अपनी पहली IPL ट्रॉफी जीतने की कोशिश करेगी। टीम को गांगुली के लंबे क्रिकेट अनुभव और कोचिंग क्षमता से काफी उम्मीदें होंगी। उनके आने से टीम की रणनीति, खिलाड़ियों के प्रदर्शन और मैदान पर नेतृत्व को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।