सोनिया की किताब से लेकर दिशा सालियान केस तक, आरपी सिंह ने कई मुद्दों पर विपक्ष को घेरा
नई दिल्ली, 4 सितंबर (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने सोनिया गांधी की आत्मकथा के नए प्रकाशक से लेकर पश्चिम बंगाल, भारत-यूरोप संबंध, एयर इंडिया की फ्लाइट घटना, वंदे मातरम, मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ के बयान, दिशा सालियान मामले समेत कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने विपक्ष पर कई मामलों में राजनीति करने का आरोप लगाया। साथ ही, सरकार और जांच एजेंसियों की कार्रवाई का बचाव किया।
सोनिया गांधी की आत्मकथा को लेकर आरपी सिंह ने कहा कि अब इसे हार्पर कॉलिंस प्रकाशित कर रहा है। पहले पेंगुइन ने कुछ तथ्यों से जुड़े मुद्दों के कारण किताब प्रकाशित करने से इनकार किया था। किसी किताब के प्रकाशन में लेखक और प्रकाशक दोनों की जिम्मेदारी होती है। सिंह ने विपक्ष के उन आरोपों को खारिज किया, जिनमें किताब को रोकने का दावा किया गया था। उन्होंने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में किताबों, फिल्मों और अखबारों पर प्रतिबंध लगाए गए थे। अब हार्पर कॉलिंस किताब प्रकाशित कर रहा है, जिसे वह सकारात्मक बात मानते हैं।
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सुरक्षा से जुड़े बयान पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सुरक्षा का फैसला राजनीतिक सरकारें नहीं, बल्कि सुरक्षा एजेंसियां खतरे के आकलन के आधार पर करती हैं। किसी व्यक्ति को सुरक्षा केवल उसके पूर्व या वर्तमान राजनीतिक पद के कारण नहीं, बल्कि उस पर मौजूद खतरे के स्तर के आधार पर दी जाती है।
निशु आजाद मामले में उन्होंने कहा कि जानकारी के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वीवर द्वारा भारत को तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था और यूरोप के लिए महत्वपूर्ण साझेदार बताए जाने पर आरपी सिंह ने कहा कि दुनिया के कई देश भारत को उभरती आर्थिक शक्ति के तौर पर देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत की जीडीपी लगातार बढ़ रही है, लेकिन विपक्षी दलों को इसमें परेशानी दिखाई देती है। उन्होंने आईएमएफ और विश्व बैंक का हवाला देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं भारतीय अर्थव्यवस्था को सकारात्मक नजरिए से देखती हैं।
फुकेत-दिल्ली फ्लाइट घटना पर आरपी सिंह ने कहा कि चालक दल से जुड़े कुछ परीक्षणों में कथित तौर पर नशे की बात सामने आई है। इस तरह के डोप टेस्ट उड़ान से पहले किए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की संभावना कम हो और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
मौलाना साजिद रशीदी के विवादित बयान पर आरपी सिंह ने रानी पद्मावती और जौहर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह स्वाभिमान से जुड़ा विषय था। उन्होंने साजिद रशीदी पर विवादित बयान देकर चर्चा में बने रहने का आरोप लगाया।
पश्चिम बंगाल के स्कूलों में वंदे मातरम का पूरा संस्करण गाए जाने के शुभेंदु अधिकारी के बयान का उन्होंने स्वागत किया। आरपी सिंह ने कहा कि इससे बच्चों में बचपन से ही राष्ट्रगीत के प्रति परिचय और आदत विकसित होगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मथुरा में अयोध्या और काशी की तर्ज पर भव्य परिसर बनाए जाने संबंधी बयान पर आरपी सिंह ने कहा कि देश के लोग मथुरा में भव्य मंदिर बनने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने मथुरा को भगवान कृष्ण की जन्मभूमि बताते हुए वहां मंदिर निर्माण की इच्छा व्यक्त की।
दिशा सालियान मामले में आदित्य ठाकरे के जवाब पर आरपी सिंह ने कहा कि अब यह मामला सीबीआई के पास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच के दौरान यदि आदित्य ठाकरे को बुलाया जाता है तो वह जांच एजेंसी के साथ सहयोग करेंगे।
दिल्ली पुलिस द्वारा फेसियल रिकग्निशन सिस्टम के जरिए 2,873 ऐसे लोगों की पहचान किए जाने की बात पर, जिनका कथित तौर पर आपराधिक रिकॉर्ड है, आरपी सिंह ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने आयोजकों से संदिग्ध पृष्ठभूमि वाले लोगों को लेकर सावधानी बरतने को कहा था। पुलिस द्वारा पहचान पत्रों की जांच किए जाने पर प्रदर्शन से जुड़े नेताओं ने इसका विरोध किया था। बाद में पुलिस की निगरानी में ढील के कारण बड़ी संख्या में ऐसे लोग प्रदर्शन में शामिल हो गए, जिनके खिलाफ पहले से मामले दर्ज थे। उन्होंने कहा कि पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रंका से मुलाकात पर आरपी सिंह ने कहा कि उम्मीद है कि दोनों के बीच कोई सकारात्मक बातचीत हुई होगी। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि सीजेपी का पूरा मामला विपक्ष द्वारा प्रायोजित है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर की यूक्रेन के राष्ट्रपति से मुलाकात पर आरपी सिंह ने कहा कि भारत लगातार रूस-यूक्रेन युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान की वकालत कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल में रूस के राष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान भी युद्ध समाप्त कर शांति स्थापित करने की जरूरत बताई थी। अब विदेश मंत्री ने यूक्रेन जाकर वहां के राष्ट्रपति से भी शांति बहाली के लिए कदम उठाने की अपील की है।
हल्द्वानी में 'शुद्धिकरण' विवाद को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की कार्रवाई की मांग पर आरपी सिंह ने कहा कि विवाद की मूल पृष्ठभूमि को सामने रखना जरूरी है। उनका दावा है कि जिस स्थान पर घटना हुई, वह रामलीला मंचन का धार्मिक मंच था और वहां आपत्तिजनक गतिविधियों के आरोप सामने आए थे। पुलिस रिकॉर्ड में कथित रूप से शराब की बोतलें और अन्य आपत्तिजनक सामग्री मिलने का उल्लेख है। इसी वजह से शुद्धिकरण किया गया था, न कि मल्लिकार्जुन खड़गे को निशाना बनाने के लिए। उन्होंने यह भी कहा कि शुद्धिकरण करने वाले लोग दलित समाज से आते हैं।
तेलंगाना सरकार की पूर्व मंत्री कोंडा सुरेखा को हटाए जाने के मुद्दे पर आरपी सिंह ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक ओर राहुल गांधी महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर तेलंगाना में उनकी पार्टी की सरकार में एक महिला मंत्री को पद से हटा दिया गया।
--आईएएनएस
पीएसके