सोनिया गांधी ने वंदे मातरम नहीं रोका, भाजपा असल मुद्दों से ध्यान भटका रही: शांभवी शुक्ला
सूरत, 19 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सहसचिव शांभवी शुक्ला ने कहा कि सिर्फ गांधी परिवार ही प्रधानमंत्री पद को ठुकरा सकता है। साथ ही उन्होंने भाजपा पर ‘वंदे मातरम’ विवाद को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
शांभवी शुक्ला ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "सिर्फ गांधी परिवार ही प्रधानमंत्री पद को ठुकरा सकता है। गांधी परिवार ने त्याग देखा है। मुझे लगता है कि इतने बड़े पद को मना करने के लिए बहुत बड़ा दिल चाहिए।"
वंदे मातरम विवाद पर शांभवी शुक्ला ने कहा, "सोनिया गांधी ने कभी भी वंदे मातरम नहीं रोकने की कोशिश की। वह सिर्फ मल्लिकार्जुन खड़गे के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित थीं। भाजपा का काम सिर्फ बार-बार झूठ बोलना है और सिर्फ जनता को गुमराह करने का काम करती है। असल मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए भाजपा इस तरह के विवाद खड़ी करती है।"
दिल्ली के पूर्व जल मंत्री सत्येंद्र जैन समेत 6 लोगों की एसीबी द्वारा गिरफ्तारी पर उन्होंने कहा, "भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहां पर संविधान को सबसे ऊपर रखा गया है। ऐसे में कोर्ट जो भी निर्णय लेगी, हम उसके साथ हैं।" उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए बराबर है और कांग्रेस कानून का सम्मान करती है।
झारखंड में जेपीएससी को लेकर छात्रों के प्रदर्शन पर शांभवी शुक्ला ने कहा, "राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस और यूथ कांग्रेस युवाओं के मुद्दे पर बहुत गंभीर है। झारखंड में प्रदर्शन जरूर हुआ, लेकिन युवा कांग्रेस की पूरी टीम उनके साथ लगातार चर्चा में थी। राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था, जिसके बाद सरकार ने पहल की। कांग्रेस पार्टी युवा के साथ खड़ी थी, खड़ी है और आगे भी खड़ी रहेगी।"
शांभवी ने दावा किया, "छात्रों की गूंज कार्यक्रम में राहुल गांधी को युवाओं का भरपूर प्यार मिल रहा है। देहरादून में भाजपा ने एक गायक बुलाया था, उसके बावजूद राहुल गांधी के प्रोग्राम में ज्यादा युवा गए थे, न कि भाजपा के कार्यक्रम में। यह सबसे बड़ा उदाहरण है कि आज का युवा, महिलाएं और सभी देशप्रेमी राहुल गांधी के साथ है।"
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी