सोनिया गांधी ने नीतीश कुमार की भूमिका पर की हल्की टिप्पणी : नीरज कुमार
पटना, 12 नवंबर (आईएएनएस)। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित वैशाली दौरे को लेकर तेजस्वी यादव की टिप्पणी, कुलगाम में सीआरपीएफ पर हुए हमले, उत्तर प्रदेश में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के बीच गठबंधन और महाराष्ट्र में एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की अटकलों समेत कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोनिया गांधी पर नीतीश कुमार की राजनीतिक भूमिका को लेकर हल्की टिप्पणी करने का आरोप लगाया। वहीं, तेजस्वी यादव के सवालों पर पलटवार करते हुए कहा कि बिहार में रहकर सवाल उठाना चाहिए।
सोनिया गांधी की किताब पर नीरज कुमार ने कहा कि उन्हें अपनी आत्मकथा लिखने का पूरा अधिकार है, लेकिन अभी तक उन्होंने विभिन्न यूट्यूब चैनलों पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर जो देखा है, उसमें नीतीश कुमार को लेकर की गई टिप्पणी सही नहीं लगती। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने नीतीश कुमार पर हल्की टिप्पणी की है, जबकि उन्हें ग्लोबल थिंकर और क्लाइमेट लीडर कहा गया है।
नीरज कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार इंडी गठबंधन के सृजनकर्ता थे। उन्होंने सामाजिक-आर्थिक जनगणना और बिहार में कराए गए जाति सर्वे का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बिहार ने इस दिशा में उदाहरण पेश किया। केंद्र सरकार ने भी इसे स्वीकार किया। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस की कर्नाटक सरकार ने सामाजिक-आर्थिक जनगणना से जुड़े काम को क्यों रोक दिया था?
उन्होंने कहा कि बिहार ने सर्वे के निष्कर्षों को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर लागू किया। कांग्रेस और इंडी गठबंधन के नेता इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर चुप रहे और अब अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नीतीश कुमार जिधर चल पड़ते हैं, सत्ता भी उधर ही चल पड़ती है।
प्रधानमंत्री मोदी के प्रस्तावित वैशाली दौरे और वहां मिलने वाली सौगातों पर तेजस्वी यादव की ओर से सवाल उठाए जाने पर नीरज कुमार ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को सवाल पूछने का अधिकार है, लेकिन उन्हें बिहार में भी रहना चाहिए। लगातार राज्य से बाहर रहने पर सवालों को केवल एक्स पोस्ट के माध्यम से उठाया हुआ माना जाएगा। उन्होंने वैशाली को लोकतंत्र की जननी बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की सभा ऐतिहासिक लोकतांत्रिक धरती पर आयोजित हो रही है। नीरज ने संवैधानिक संस्थाओं पर हो रहे हमलों पर भी चिंता जताई और कहा कि निजी कारणों से संस्थाओं को निशाना बनाना उचित नहीं है।
गंगा पर पुल निर्माण का श्रेय लेने के मुद्दे पर उन्होंने तेजस्वी यादव को घेरा। उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुस्तक 'डिस्कवरी ऑफ इंडिया' का उल्लेख करते हुए कहा कि गंगा पर पुल बनने से क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदलने की बात पहले भी कही गई थी। लंबे समय तक कांग्रेस के शासन के बावजूद यह सपना नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी की डबल इंजन सरकार ने पूरा किया। बिहार में 40 से 50 किलोमीटर के अंतराल पर गंगा पर पुल बन चुके हैं या निर्माणाधीन हैं।
कुलगाम में सीआरपीएफ की टीम पर हुए हमले पर नीरज कुमार ने दुख जताया। उन्होंने इसे देश के लिए चुनौती बताते हुए कहा कि अर्धसैनिक बल के जवानों की शहादत से पूरा देश दुखी है और पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार देश का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाली ताकतों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की गठबंधन पर नीरज कुमार ने कहा कि यह उनका आपसी मामला है। कौन किसके साथ गठबंधन करेगा और चुनाव से पहले या बाद में क्या राजनीतिक फैसला होगा, यह संबंधित दलों को तय करना है।
टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद के बयान पर उन्होंने मां कामाख्या और मां त्रिपुर सुंदरी का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति में 33 करोड़ देवी-देवताओं की मान्यता है और नाथ संप्रदाय में भी मोहम्मद बोध पढ़ा जाता है। नीरज ने कीर्ति आजाद को सर्वधर्म की भावना के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी और कहा कि मन में दुराभाव नहीं रखना चाहिए।
शरद पवार और अजित पवार गुटों के संभावित विलय पर उन्होंने कहा कि यह एनसीपी का आंतरिक मामला है। कौन किसमें विलय करेगा और किसकी नीतियों को स्वीकार करेगा, इसका फैसला पार्टी को ही करना है।
पटाखों से होने वाले प्रदूषण पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान के संदर्भ में नीरज कुमार ने कहा कि पर्यावरण आज पूरे देश के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। प्रदूषण से लोगों का जीवन प्रभावित होता है। उन्होंने बताया कि कई बुजुर्ग दिल्ली छोड़कर चले गए, क्योंकि उन्हें पटाखों से होने वाली परेशानी का डर था। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने भी इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए हैं। जब न्यायपालिका, विधायिका और मुख्यमंत्री इस विषय को गंभीरता से ले रहे हैं तो आम लोगों को भी प्रदूषण की समस्या को समझना चाहिए।
--आईएएनएस
पीएसके/वीसी