☰
×

सोनिया गांधी की किताब पर भाजपा के सवाल, इतिहास को अपने नजरिए से पेश करने का आरोप

 

पटना, 10 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता अशोक गहलोत के बयान और सोनिया गांधी के संस्मरण 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' को लेकर बिहार में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। जनता दल (यूनाइटेड) के महासचिव श्याम रजक ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी का वर्तमान और भविष्य दोनों समाप्त हो चुके हैं। वहीं, भाजपा नेताओं ने सोनिया गांधी की पुस्तक पर सवाल उठाते हुए उन पर इतिहास को अपने नजरिए से पेश करने के आरोप लगाए हैं।

कांग्रेस नेता अशोक गहलोत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए जनता दल (यूनाइटेड) के महासचिव श्याम रजक ने कहा कि जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह दरकिनार कर दिया है। पार्टी अब निष्क्रिय अवस्था में पहुंच चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता ईर्ष्या और हताशा में इस तरह के बयान दे रहे हैं।

रजक ने कहा कि जिन नेताओं और पार्टियों को जनता ने नकार दिया है, उनके बयानों पर चर्चा करना भी बेमानी है। उन्होंने अशोक गहलोत की टिप्पणी पर ज्यादा कुछ कहने से इनकार कर दिया।

वहीं, राहुल गांधी के डिबेट संबंधी बयान पर भी श्याम रजक ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कभी राहुल गांधी का नाम लेकर उन्हें नक्सली नहीं कहा। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट रूप से नक्सलवाद को खत्म करने की बात कही है। देश में अब भी कुछ जगहों पर वैचारिक या मानसिक नक्सलवाद मौजूद है, जिसे समाप्त करने की जरूरत है। प्रधानमंत्री ने ऐसे लोगों के खिलाफ बात की है, जो लोगों को मानसिक रूप से प्रभावित कर उन्हें हिंसात्मक विचारधारा की ओर ले जाना चाहते हैं।

दूसरी ओर भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने सोनिया गांधी की पुस्तक पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में अपने जीवन के संस्मरण के बजाय इतिहास को उस रूप में प्रस्तुत किया है, जैसा वे चाहती हैं कि लोग उसे देखें। भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि पुस्तक में प्रस्तुत तथ्यों का वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने सोनिया गांधी के एजेंडे और प्रधानमंत्री मोदी के एजेंडे से जुड़े उल्लेखों पर भी टिप्पणी की।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी सोनिया गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बाबरी विध्वंस के दौरान सोनिया गांधी की प्रतिक्रिया का जिक्र करते हुए उन पर सनातन संस्कृति और धर्म का अपमान करने वालों का समर्थन करने का आरोप लगाया। सरावगी ने 1984 के सिख विरोधी दंगों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा और सोनिया गांधी के भावनात्मक रुख को मगरमच्छ के आंसू बताया।

--आईएएनएस

एसएके/एबीएम