☰
×

सोनिया गांधी की आत्मकथा पर भाजपा का हमला, संजय टंडन बोले- 'किताब नहीं, कांग्रेस को बचाने का बहाना'

 

नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब में बाबरी और बाटला हाउस की घटना के उल्लेख को लेकर घमासान मचा हुआ है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने सोनिया गांधी पर जमकर निशाना साधा। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि यह किताब केवल कांग्रेस के पतन को कवर करने के लिए लिखी गई है।

वरिष्ठ भाजपा नेता संजय टंडन ने कहा, "मुझे हैरानी है कि सोनिया गांधी ने एक किताब लिखी, जिसमें 'प्यार का सफर' तो लिखा है, लेकिन 'नफरत के सफर' के बारे में कोई उल्लेख नहीं किया। मुझे लगता है कि उन्हें इस बात का भी जिक्र करना चाहिए था कि उनके मन के अंदर और कांग्रेसियों के मन के अंदर जो सिख-विरोधी भावना, पंजाब-विरोधी भावना है, वह कहां तक विद्यमान रही है।"

भाजपा नेता ने कहा कि उन्हें लिखना चाहिए था कि 1984 में जब हरमंदिर साहिब पर हमला किया गया, उस वक्त उनकी आंखों में आंसू क्यों नहीं आए? उन्हें इसके बारे में भी लिखना चाहिए था कि 1984 में जब सिख-विरोधी दंगे हुए, 52 शहरों में दंगे हुए, उस समय उनकी आंखों में आंसू क्यों नहीं आए? लेकिन जब बाटला हाउस मामले में एनकाउंटर होता है, तब उनकी आंखों में आंसू आ जाते हैं। जब बाबरी ढांचा गिरता है, तब वह कहती हैं कि मेरी आंखों में आंसू आ गए।

संजय टंडन ने कहा कि मुझे लगता है कि यह एक कोशिश है कि कांग्रेस पार्टी जो बार-बार चुनाव हार रही है, उस हार को किस तरीके से कवर किया जाए। उसी को कवर करने के लिए उन्होंने किताब लिखी है, ताकि किसी तरह अपने 'फेल प्रोडक्ट' को फिर से लॉन्च कर सकें। उन्होंने इसके बारे में क्यों नहीं लिखा कि उनके बेटे में क्या-क्या समस्याएं हैं, उसे पढ़ने-समझने में क्या कठिनाइयां हैं, लोग उसके बारे में ऐसी बातें क्यों कहते हैं और ऐसे शब्दों का प्रयोग क्यों करते हैं?

उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति जब आत्मकथा लिखता है, तो वह अपनी चार अच्छी बातें बताता है, तो चार गलतियां भी स्वीकार करता है। आत्मकथा हमेशा यह बताती है कि मुझसे यह भूल हुई, उस समय मैं यह समझ नहीं पाया, लेकिन पूरी किताब में उन्होंने एक भी जगह यह नहीं लिखा कि मुझसे यह समझने में भूल हुई, मुझसे यह कहने में भूल हुई, मुझसे यह करने में भूल हुई। उन्होंने यह भी नहीं लिखा कि हमारी पार्टी के माध्यम से जो दंगे हुए, उसके लिए मैं माफी मांगती हूं। हरमंदिर साहिब पर जो हमला किया गया, उसके लिए मैं माफी मांगती हूं। 1975 में जो 19 महीने का आपातकाल लगा, जिसमें लाखों लोगों को जेल में डाला गया, उसके लिए मैं देश की जनता से माफी मांगती हूं।

उन्होंने कहा कि ऐसा लिखने में क्या जाता है? कम से कम लोग यह तो कहते कि उन्होंने एक संतुलित बात रखी है, लेकिन उन्होंने क्या लिखा? गलती हुई तो मेनका गांधी की गलती थी, गलती हुई तो संजय गांधी की गलती थी। मैंने या मेरे पति ने कोई गलती नहीं की। इस प्रकार की किताबों में व्यक्ति अपने मन की बात कहता है कि यह अच्छा हुआ, यह गलत हुआ, यह बुरा हुआ, यह सुखद हुआ, यह नहीं हुआ। मुझे लगता है कि उन्होंने इस पुस्तक के माध्यम से अपने आपको थपथपाने के अलावा कोई और काम नहीं किया। कांग्रेस के पतन को कवर करने और अपने 'फेल पॉलिटिकल प्रोडक्ट' को दोबारा लॉन्च करने का यही तरीका उन्होंने निकाला है।

जम्मू-कश्मीर विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा, "बाबरी मस्जिद जैसी कोई चीज थी ही नहीं, वह मस्जिद नहीं थी। एक हिंदू मंदिर को तोड़कर वहां अस्थायी ढांचा बनाने का प्रयास किया गया, जहां कभी नमाज पढ़ी ही नहीं गई। हमारे जीवनकाल में या पिछली पीढ़ी के समय में वहां कभी नमाज नहीं पढ़ी गई, इसलिए वह मस्जिद नहीं थी। एक मुस्लिम आक्रांता ने उस जगह पर कब्जा करने और भगवान राम के मंदिर को अपवित्र करने की कोशिश की थी, उसी भावना से इसे बनाया गया था। उसे कभी मस्जिद नहीं कहा जा सकता और सुप्रीम कोर्ट ने भी उसे विवादित ढांचा कहा था। सोनिया गांधी इस मामले की व्याख्या सुप्रीम कोर्ट के रुख के खिलाफ जाकर नहीं कर सकतीं। वैसे भी उनका चरित्र और उनकी सारी गतिविधियां संदिग्ध हैं।"

वीएचपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ये एक फैशन बन गया है कि सोनिया गांधी जैसे लोग किताब लिखते हैं और उसमें कुछ ऐसा लिख देते हैं, जिससे कि विवाद हो जाए और बाद में वो बिके। अगर सोनिया गांधी इसे आत्मकथा कहती हैं, तो उन्हें उन आरोपों का जवाब देना चाहिए था, जो सुब्रमण्यम स्वामी ने उनके ऊपर लगाए हैं।

राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रदेश अध्यक्ष राकेश बजरंगी ने कहा, "सोनिया गांधी ने अपनी किताब में, जो उनकी आत्मकथा है, उसमें बाबरी मस्जिद का जिक्र किया है। लेकिन वह बाबरी मस्जिद नहीं थी, वह तो जिसे विवादित ढांचा कहा जाता है, उसे ध्वस्त किया गया था। बाद में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद वहां राम मंदिर बना। कांग्रेस पार्टी, चाहे उसका नेता या प्रवक्ता कोई भी रहा हो, हमेशा राम मंदिर का विरोध करती रही है। हिंदू समाज को राम मंदिर आसानी से नहीं मिला है। इसके लिए उसने बलिदान दिए हैं। 500 साल तक हिंदू समाज ने एक लड़ाई लड़ी है और हजारों लोगों ने शहादत दी है, तब जाकर ये मंदिर बना है।"

राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा, "मैंने उनकी किताब पूरी नहीं पढ़ी है। मैंने सिर्फ वही पढ़ा है, जो अखबारों में आया था और अखबारों में कुछ बातें पढ़ने को मिलीं। उन्होंने आत्मकथा लिखी है, और उन्होंने किताब अपने मन से, अपने नजरिए के हिसाब से लिखी है। मेरा इससे कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने जो महसूस किया, वह लिखा। सोनिया गांधी ने अपने देवर के बारे में भी बहुत कुछ लिखा है। जब तक वो जीवित थे, उनकी व्यवस्था से पूरा परिवार चलता था, यहां तक कि संजय गांधी के सिस्टम का इस्तेमाल देश चलाने की कोशिश में भी किया गया। अब उनकी मृत्यु के बाद उन्हें खलनायक के रूप में पेश करने की कोशिश है। मुझे लगता है कि यह कोई स्वस्थ परंपरा नहीं है। जब तक कोई व्यक्ति जीवित रहता है, लोग उसके सिस्टम के साथ चलते हैं।"

--आईएएनएस

केके/एबीएम