सोनिया गांधी के बाबरी वाले बयान पर मेघवाल का पलटवार, कश्मीरी पंडितों की पीड़ा याद दिलाई
बीकानेर, 9 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने दीपावली के अवसर पर बीकानेर की जनता को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बीकानेर की पारंपरिक 'रामा-श्यामा' की परंपरा को आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर बताया। इस दौरान उन्होंने सोनिया गांधी की किताब और बाबरी ढांचे को लेकर उनके बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। साथ ही, चुनाव में हार के बाद विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर निशाना साधा।
अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि बीकानेर की संस्कृति में दीपावली के अगले दिन को 'रामा-श्यामा' का दिन कहा जाता है। इस दिन लोग एक-दूसरे से मिलते हैं और दीपावली मनाने के बाद युवा पीढ़ी बुजुर्गों का आशीर्वाद लेती है। इस परंपरा से आपसी मेल-मिलाप बढ़ता है और समाज में भाईचारे की भावना मजबूत होती है। हर वर्ग के लोग एक-दूसरे से मिलते हैं, जिससे सामाजिक सद्भाव का संदेश जाता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कई लोग ऐसे होते हैं, जो पूरे साल एक-दूसरे से नहीं मिल पाते, लेकिन इस खास अवसर पर मुलाकात करते हैं। इसलिए सभी को इस परंपरा का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने इसे समाज में एकता और भाईचारा बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर बताया। संविधान के मूल्यों का उल्लेख करते हुए मेघवाल ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने समानता, स्वतंत्रता और भाईचारे के तीन महत्वपूर्ण स्तंभ दिए थे। समानता और स्वतंत्रता को संविधान में लिखा गया, जबकि भाईचारे को प्रस्तावना में स्थान दिया गया। उन्होंने कहा कि भाईचारे को बढ़ाने की जिम्मेदारी समाज की है और रामा-श्यामा जैसी परंपराएं इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
सोनिया गांधी की किताब और बाबरी ढांचे को लेकर उनकी टिप्पणी पर अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि सोनिया गांधी अपनी जीवनी लिख रही हैं। हालांकि, उन्होंने कुछ लेख अखबारों को दिए हैं। इन लेखों में वर्ष 1992 के बाबरी ढांचे को मस्जिद कहा गया और उस घटना को लेकर पीड़ा व्यक्त की गई। उन्होंने कहा कि इस विषय को एकतरफा नजरिए से नहीं देखा जा सकता। जिस दशक में यह घटना हुई, उसी दौरान कितने कश्मीरी पंडित अपना घर-बार छोड़कर आए थे। कश्मीरी पंडितों की पीड़ा पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। देश में पीड़ा से जुड़ा कोई विषय एकतरफा नहीं हो सकता और सभी पक्षों की भावनाओं को समझना जरूरी है।
चुनावी नतीजों को लेकर विपक्ष के आरोपों पर भी मेघवाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार के बाद कभी ईवीएम, कभी एसआईआर और कभी किसी अन्य मुद्दे को लेकर आरोप लगाए जाते हैं। चुनाव में हार के बाद इस तरह के आरोप लगाने के बजाय अपनी राजनीतिक स्थिति और लोकप्रियता पर चिंतन करना चाहिए। विपक्ष अपनी हार के लिए अलग-अलग कारण बता रहा है, जबकि उसे यह समझना चाहिए कि उसकी लोकप्रियता कम हुई है। मेघवाल ने बंगाल में चुनावी हार का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष को अपनी अलोकप्रियता पर विचार करना चाहिए।
--आईएएनएस
पीएसके