×

सोनम रघुवंशी की जमानत पर टली सुनवाई, सुप्रीम कोर्ट पर पूरा भरोसा: विपिन रघुवंशी

 

इंदौर, 14 जुलाई (आईएएनएस)। सुप्रीम कोर्ट ने चर्चित सोनम रघुवंशी जमानत मामले में 17 जुलाई तक के लिए सुनवाई स्थगित कर दी। इस बीच मृतक ट्रांसपोर्ट व्यवसायी के भाई विपिन रघुवंशी ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर भरोसा जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि अदालत मामले में न्याय करेगी और जमानत पर उचित निर्णय सुनाएगी।

विपिन रघुवंशी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि 14 जुलाई को सुनवाई प्रस्तावित थी, लेकिन मामले में कोई नई प्रगति नहीं होने के कारण इसे आगे बढ़ा दिया गया। ऑनलाइन केस स्टेटस के अनुसार, अब अगली सुनवाई 17 जुलाई को होगी और परिवार को उसी दिन आने वाले फैसले का इंतजार है। उन्होंने कहा कि उन्हें सुप्रीम कोर्ट की न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि अदालत निष्पक्ष निर्णय देगी। यदि गंभीर आरोपों का सामना कर रहे लोगों को आसानी से जमानत मिलती है, तो इससे समाज में गलत संदेश जा सकता है। अदालत मामले के सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए उचित फैसला सुनाएगी।

झारखंड में हाल ही में सामने आए एक हत्या के मामले का उल्लेख करते हुए विपिन रघुवंशी ने दावा किया कि ऐसे मामलों का समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। कुछ लोग चर्चित आपराधिक मामलों से प्रभावित होकर अपराध करने की मानसिकता विकसित कर रहे हैं। विपिन ने कहा कि पति-पत्नी के रिश्ते का आधार विश्वास होता है और यदि इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं तो इससे समाज में रिश्तों के प्रति अविश्वास बढ़ता है। ऐसे अपराध केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं बल्कि भरोसे को भी तोड़ते हैं, जिससे सामाजिक ताने-बाने पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

इस दौरान उन्होंने अपने एक पुराने बयान पर भी सफाई दी। उन्होंने कहा कि सोनम रघुवंशी के अधिवक्ता के बारे में उन्होंने पहले कुछ गलत शब्दों का इस्तेमाल किया था, जिसके लिए वह सार्वजनिक रूप से क्षमा चाहते हैं। उन्हें मीडिया के माध्यम से जो जानकारी मिली थी, उसके आधार पर उन्होंने अधिवक्ता के बारे में टिप्पणी की थी। बाद में उन्हें पता चला कि उनकी जानकारी पूरी तरह सही नहीं थी। उन्होंने कहा कि यदि उनके बयान से अधिवक्ता की भावनाओं को ठेस पहुंची है, तो वे उन्हें अपना छोटा भाई समझकर क्षमा करें।

विपिन रघुवंशी ने आगे कहा कि उनका परिवार सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का सम्मान करेगा और उन्हें पूरा विश्वास है कि अदालत मामले में न्याय करते हुए कानून के अनुरूप फैसला सुनाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि 17 जुलाई को होने वाली सुनवाई में सोनम रघुवंशी की जमानत याचिका पर महत्वपूर्ण निर्णय सामने आएगा।

--आईएएनएस

पीएसके