×

सोशल मीडिया पर वायरल 'आईबी रिपोर्ट' फर्जी, पीआईबी फैक्ट चेक ने किया खंडन

 

नई दिल्ली, 1 मई (महाराष्ट्र)। सोशल मीडिया पर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर एक रिपोर्ट तेजी से वायरल हो रही है, जिसे इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के नाम से जारी बताया जा रहा है। हालांकि, सरकार की आधिकारिक फैक्ट-चेक इकाई पीआईबी फैक्ट चेक ने इस दावे को पूरी तरह फर्जी करार दिया है।

पीआईबी फैक्ट चेक ने अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर पोस्ट करते हुए साफ कहा कि 'पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 का प्रारंभिक आकलन' नाम का यह रिपोर्ट पूरी तरह से नकली है।

पीआईबी फैक्ट चेक ने स्पष्ट किया कि इंटेलिजेंस ब्यूरो ने ऐसी कोई रिपोर्ट जारी नहीं की है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे इस तरह की भ्रामक खबरों पर भरोसा न करें और केवल सरकारी आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी की पुष्टि करें।

वायरल हो रही इस फर्जी रिपोर्ट में पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर कई तरह के आंकड़े और विश्लेषण पेश किए गए हैं। इसमें दावा किया गया है कि राज्य में वोटिंग पैटर्न बिखरा हुआ है और किसी एक पार्टी के पक्ष में स्पष्ट माहौल नहीं बन पाया है। रिपोर्ट में सीटों के अनुमान भी दिए गए हैं, जिसमें टीएमसी को 190-220 सीटें, भाजपा को 50-60 सीटें और अन्य दलों को करीब 20 सीटें मिलने का दावा किया गया है।

इसके अलावा, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि चुनावी रुझान अलग-अलग क्षेत्रों तक सीमित हैं और पूरे राज्य में एकजुट समर्थन नहीं दिख रहा है। प्रतिस्पर्धी सीटों पर वोट को सीट में बदलने की क्षमता कमजोर बताई गई है, जबकि संगठनात्मक स्तर पर भी कई कमियां होने की बात कही गई है। साथ ही यह भी दावा किया गया है कि मौजूदा हालात में पार्टियों के विस्तार की संभावनाएं सीमित हैं और यह आकलन पूरी तरह भरोसेमंद नहीं है।

पीआईबी फैक्ट चेक ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह की संदिग्ध सामग्री को तुरंत रिपोर्ट करें और गलत जानकारी फैलने से रोकने में सहयोग करें।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम