पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानों में बाढ़ का कहर: उत्तराखंड की चोटियां सफेद हुईं, वीडियो में जाने बिहार के 12 जिलों में 22 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित
देश के कई हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। जहां पहाड़ी राज्यों में सीजन की पहली बर्फबारी शुरू हो गई है, वहीं मैदानी इलाकों में भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। जम्मू-कश्मीर के बाद अब उत्तराखंड की ऊंची चोटियों पर भी बर्फबारी दर्ज की गई है। दूसरी ओर बिहार और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश और नदियों के उफान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में स्थित पंचाचूली, हरदेवल, नंदा देवी और नंदा कोट की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई है। इसके अलावा चमोली जिले में बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब की पहाड़ियों पर भी बर्फ की सफेद चादर दिखाई दी। पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड बढ़ गई है।मौसम में आए इस बदलाव से ऊंचाई वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को सर्दी का एहसास होने लगा है। वहीं, पर्यटकों के लिए भी यह मौसम आकर्षण का केंद्र बन रहा है। हालांकि, प्रशासन ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।
बिहार में नदियां उफान पर, 22 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित
दूसरी ओर बिहार में लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर ने कई जिलों में बाढ़ की स्थिति पैदा कर दी है। राज्य में गंगा, कोसी, गंडक, बूढ़ी गंडक, पुनपुन और बागमती जैसी प्रमुख नदियां उफान पर हैं। बाढ़ के कारण राज्य के 12 जिलों में करीब 22.42 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।भागलपुर जिले में बाढ़ का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। यहां रिंग बांध के ओवरफ्लो होने के कारण सुल्तानगंज इलाके के करीब 4 हजार घरों में पानी घुस गया। कई इलाकों में लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य चलाए जा रहे हैं।बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए टीमें तैनात की गई हैं। प्रशासन लगातार नदियों के जलस्तर पर नज बनाए हुए है और संवेदनशील इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है।
यूपी में बारिश से जनजीवन प्रभावित
उत्तर प्रदेश में भी मानसूनी बारिश का सिलसिला जारी है। कई जिलों में लगातार हो रही बारिश के कारण जलभराव की समस्या सामने आ रही है। बरेली में रविवार दोपहर से रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते हालात बिगड़ गए।बारिश का पानी शहर के कई इलाकों में भर गया। बरेली के फायर स्टेशन में करीब 3 फीट तक पानी भर गया। इसके अलावा कई घरों के किचन और बेडरूम तक घुटनों तक पानी पहुंच गया, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।