स्मृति मंधाना की कप्तानी में टीम इंडिया के दमदार प्रदर्शन को वेदा कृष्णमूर्ति ने सराहा, निकी प्रसाद को बताया उपयोगी खिलाड़ी
नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत की पूर्व बल्लेबाज वेदा कृष्णमूर्ति ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में मिली 3-0 की जीत के लिए टीम इंडिया की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि टीम का यह प्रदर्शन स्मृति मंधाना के पूर्णकालिक कप्तान के रूप में कार्यकाल की एक बेहतरीन शुरुआत है।
भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में लगातार तीन जीत दर्ज कीं और मंधाना की कप्तानी में टीम ने एक अच्छा मोमेंटम हासिल किया है। सीरीज के दौरान टीम इंडिया के खेलने के तरीके पर बात करते हुए वेदा ने ऑलराउंडर निकी प्रसाद की बहुमुखी प्रतिभा की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि निकी बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग - तीनों क्षेत्रों में योगदान देने की क्षमता रखती हैं, जो आगामी चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारी कर रही भारतीय टीम के लिए काफी अहम है।
'जियोस्टार' पर बात करते हुए वेदा ने कहा, "जब आप कोई सीरीज खेलते हैं, तो आप उस पर अपना दबदबा बनाना चाहते हैं, और मुझे लगता है कि पूरी टीम इंडिया ने बिल्कुल ऐसा ही किया है। हम अक्सर एकतरफा या शानदार जीत की बात करते हैं, और पिछले दो मैच बिल्कुल ऐसे ही थे। पहले मैच में भले ही टीम को थोड़ी चुनौती मिली हो, लेकिन अंत में जीत फिर भी शानदार रही। एक मजबूत अंत हमेशा अहम होता है, और स्मृति मंधाना के पूर्णकालिक कप्तानी करियर के लिए यह एक अच्छी शुरुआत है।”
उन्होंने कहा, "यह जरूरी है कि आप एक खास तरह की क्रिकेट खेलें। भारत ने साफ तौर पर दिखा दिया है कि वह किस तरह से खेलना चाहते हैं। चैंपियंस ट्रॉफी से पहले यह एक अच्छी तैयारी है। तीन टी20 मैच हो चुके हैं और बड़े टूर्नामेंट से पहले अभी तीन और मैच बाकी हैं। पिछले दो टी20 वर्ल्ड कप भारत के पक्ष में नहीं रहे थे। इसी कारण चैंपियंस ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए इस भारतीय टीम पर दबाव होगा।"
सीरीज के अच्छे नतीजों से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है, लेकिन पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने टीम की युवा प्रतिभाओं की भी तारीफ की। उन्होंने खास तौर पर निकी प्रसाद का जिक्र किया, जिन्होंने इस सीरीज में डेब्यू किया। निकी की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि वह सिर्फ एक भूमिका तक सीमित नहीं हैं, बल्कि टीम को कई तरह के विकल्प देने की क्षमता रखती हैं। इसी वजह से उन्हें काफी सराहना मिली।
निकी की मध्य क्रम में खेलने, कुछ ओवर गेंदबाजी करने और फील्डिंग में योगदान देने की क्षमता सबसे छोटे फॉर्मेट (टी20) में बहुत काम आ सकती है, जहां छोटे-छोटे योगदान भी मैच का रुख बदल सकते हैं। वेदा का मानना है कि अपने डेब्यू मैच में इस युवा खिलाड़ी का संयम बनाए रखना भी एक सकारात्मक संकेत है।
उन्होंने आगे कहा, "वह टीम के लिए बहुत उपयोगी हैं क्योंकि उनमें बीच के ओवरों में गेंदबाजी करने की क्षमता है। वह नंबर पांच या छह पर बल्लेबाजी कर सकती हैं, और हमने देखा कि अपने डेब्यू मैच में दबाव के बावजूद उन्होंने खुद को बहुत अच्छे से संभाला। इसके अलावा, वह एक बेहतरीन फील्डर भी हैं। एक अच्छी फील्डर होने का फायदा यह है कि भले ही किसी दिन आपकी बल्लेबाजी या गेंदबाजी अच्छी न रहे, लेकिन फील्डिंग के जरिए आप आसानी से 10-15 रन बचा सकती हैं। टी20 क्रिकेट में यह बहुत बड़ा अंतर पैदा कर सकता है।"
--आईएएनएस
एसएम/पीएम