आसमान में वायुसेना के सारंग का प्रदर्शन, पांच हेलीकॉप्टरों के साथ दिखेंगे वायुसेना के जांबाज
नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस) भारतीय वायुसेना के प्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम गुजरात के वडोदरा में अपने शानदार हवाई करतबों से दर्शकों को रोमांचित करने जा रही है। 12 से 15 नवंबर तक होने वाला यह विशेष प्रदर्शन वायुसेना की 11वीं स्क्वाड्रन की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। सारंग के रंग-बिरंगे हेलीकॉप्टर भी इसकी खास पहचान हैं। टीम का नाम मोर से प्रेरित है। मोर की सुंदरता और आकर्षक रंगों को दर्शाते ये हेलीकॉप्टर जब एक साथ आसमान में उड़ान भरते हैं, तो अपनी अलग छाप छोड़ते हैं।
अपनी शुरुआत से ही सारंग हेलीकॉप्टर टीम ने देश और विदेश के कई प्रतिष्ठित हवाई प्रदर्शनों में भारतीय वायुसेना का प्रतिनिधित्व किया है। अपने शानदार प्रदर्शन से इसने दुनियाभर के दर्शकों को आकर्षित किया है। इसके करतब भारतीय पायलटों की दक्षता के साथ-साथ देश में विकसित विमानन तकनीक की बढ़ती क्षमता को भी प्रदर्शित करते हैं। वडोदरा में होने वाला यह प्रदर्शन खास तौर पर युवाओं और स्कूली विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक होगा। रक्षा मंत्रालय के अनुसार यह प्लैटिनम जुबली समारोह का हिस्सा है।
इस दौरान सारंग टीम के पांच हेलीकॉप्टर एक साथ आसमान में उड़ान भरेंगे और अपने असाधारण कौशल, सटीक नियंत्रण तथा बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन करेंगे। सारंग भारतीय वायुसेना की हेलीकॉप्टर हवाई करतब प्रदर्शन टीम है। इसे पांच हेलीकॉप्टरों के साथ प्रदर्शन करने वाली अपनी तरह की अनूठी सैन्य टीम होने का गौरव प्राप्त है। यह टीम स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर 'ध्रुव' के जरिए अपने करतब दिखाती है। सारंग के प्रदर्शन की सबसे बड़ी खासियत पांच हेलीकॉप्टरों का बेहद करीब रहकर एक साथ उड़ान भरना है। हवा में इस तरह का तालमेल बनाए रखने के लिए पायलटों को असाधारण कौशल, अनुशासन और सटीक नियंत्रण की जरूरत होती है।
एक साथ उड़ते हेलीकॉप्टर जब अलग-अलग आकृतियां बनाते हुए आसमान में करतब दिखाते हैं, तो यह नजारा दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक बन जाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि पांच हेलीकॉप्टरों को आसमान में अद्भुत तालमेल के साथ उड़ते देख विद्यार्थियों में विमानन, विज्ञान और तकनीक के प्रति रुचि बढ़ेगी। साथ ही उन्हें सशस्त्र बलों में करियर बनाने और देश की सेवा करने की प्रेरणा मिलेगी। दरअसल इस तरह के हवाई प्रदर्शन युवाओं, खासकर स्कूली विद्यार्थियों के लिए भी खास महत्व रखते हैं।
हेलीकॉप्टरों के अद्भुत करतब देखकर उनमें विमानन, विज्ञान और तकनीक के प्रति रुचि पैदा होती है। वायुसेना के पूर्व सैनिकों और वर्तमान वायु योद्धाओं के लिए भी सारंग का प्रदर्शन गर्व और सम्मान का अवसर होता है। यह केवल रोमांचक हवाई करतबों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि वायुसेना की परंपरा, अनुशासन, उत्कृष्टता और आपसी जुड़ाव की भावना को भी दर्शाता है।
वडोदरा में होने वाला यह प्रदर्शन एक बार फिर युवाओं को नई संभावनाओं के सपने देखने के लिए प्रेरित करेगा। साथ ही सारंग टीम अपने शानदार हवाई कौशल के जरिए भारतीय वायुसेना की पेशेवर क्षमता और स्वदेशी विमानन क्षेत्र की उपलब्धियों को प्रदर्शित करेगी।
--आईएएनएस
जीसीबी/पीएम