स्लोवेनिया के नए प्रधानमंत्री को बधाई, द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की उम्मीद : पीएम मोदी
नई दिल्ली, 28 मई (आईएएनएस)। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनेज जान्शा को स्लोवेनिया का नया पीएम चुने जाने पर बधाई दी है। पीएम मोदी ने उम्मीद जताई है कि उनके कार्यकाल में द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होंगे।
पीएम ने एक्स के जरिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत उनके साथ मिलकर दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए काम करने को उत्सुक है। उन्होंने व्यापार, निवेश, और आपसी सहयोग के नए अवसरों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
बधाई संदेश में पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि दोनों देशों के रिश्ते साझा समृद्धि और जनता के पारस्परिक लाभ की दिशा में आगे बढ़ते रहेंगे।
स्लोवेनिया की संसद ने दक्षिणपंथी नेता जनेज जान्शा को एक बार फिर देश का प्रधानमंत्री चुन लिया है। 90 सदस्यीय संसद में हुए मतदान में उनके पक्ष में 51 वोट पड़े, जबकि 36 सांसदों ने विरोध किया।
यह फैसला उस राजनीतिक गतिरोध के बाद आया है जो पिछले आम चुनाव के बाद पैदा हुआ था, जब किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिल सका था। जनेज जान्शा अब चौथी बार स्लोवेनिया के प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। इससे पहले वे 2004–2008, 2012–2013 और 2020–2022 के बीच भी देश का नेतृत्व कर चुके हैं।
हाल ही में हुए चुनाव में उनकी पार्टी स्लोवेनियन डेमोक्रेटिक पार्टी (एसडीएस) 28 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही थी, जबकि रॉबर्ट गोलोब की पार्टी फ्रीडम मूवमेंट ने 29 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी का दर्जा हासिल किया था, लेकिन बहुमत नहीं बना सकी।
जान्शा की एसडीएस ने कई मध्यम-दक्षिणपंथी दलों के साथ मिलकर गठबंधन बनाया है, जिसमें न्यू स्लोवेनिया, डेमोक्रेट्स, स्लोवेनियन पीपुल्स पार्टी और फोकस शामिल हैं। इस गठबंधन को संसद में कुल 43 सीटों का समर्थन प्राप्त है, साथ ही कुछ बाहरी दलों का भी समर्थन मिला है।
गठबंधन ने आर्थिक सुधार, भ्रष्टाचार पर नियंत्रण, नौकरशाही में कमी और सत्ता के विकेंद्रीकरण को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है। जान्शा ने संकेत दिया है कि उनकी सरकार टैक्स नीति में बदलाव करेगी और निजी शिक्षा तथा स्वास्थ्य क्षेत्र को अधिक समर्थन देगी।
जान्शा को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और हंगरी के नेता विक्टर ऑर्बन के करीबी सहयोगी के रूप में भी देखा जाता है। उनके समर्थकों का कहना है कि वे अर्थव्यवस्था को तेज करने और सरकार को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुधारों पर ध्यान केंद्रित करते हैं।
--आईएएनएस
केआर/