स्लोवाकिया ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान से नवाजा
ब्रातिस्लावा, 15 जून (आईएएनएस)। स्लोवाकिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान से नवाज कर भारत का मान बढ़ाया। स्लोवाकिया यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को देश का सर्वोच्च सम्मान 'ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)' प्रदान किया गया।
स्लोवाकिया यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी का देश के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित होना भारत के लिए एक बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि है। यह किसी विदेशी देश की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को दिया गया 33वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है। इस सम्मान के बाद प्रधानमंत्री ने स्लोवाकिया के लोगों और सरकार का आभार जताया। पीएम मोदी ने यह सम्मान दोनों देशों के बीच की गहरी दोस्ती को समर्पित किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''आज शाम ब्रातिस्लावा में द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास) पाकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। इस सम्मान के लिए स्लोवाकिया के लोगों और सरकार का मैं शुक्रगुजार हूं, जो भारत के 140 करोड़ लोगों का है। मैं यह अवॉर्ड भारत और स्लोवाकिया के बीच हमेशा रहने वाली दोस्ती को समर्पित करता हूं।''
साथ ही, प्रधानमंत्री मोदी ने स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी के साथ हुई सार्थक बातचीत का जिक्र किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''सोमवार को राष्ट्रपति पेलेग्रिनी के साथ हुई बातचीत में विनिर्माण, परिवहन, नवाचार और निवेश संबंधों, ऊर्जा, जैव ईंधन आदि जैसे विविध विषयों पर चर्चा हुई। डिजिटल प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। हमने जन-जन संबंधों को मजबूत करने पर भी बात की।''
प्रधानमंत्री ने स्लोवाकिया के उद्योगपतियों के साथ मुलाकात की और कंपनियों को भारत में निवेश के लिए न्योता भी दिया।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "सोमवार दोपहर ब्रातिस्लावा में प्रधानमंत्री रॉबर्ट फित्सो ने स्लोवाकिया के शीर्ष बिजनेस लीडर्स के साथ एक बैठक की मेजबानी की। हमने आर्थिक संबंधों को मजबूत करने, निवेश प्रवाह बढ़ाने और नवाचार, प्रौद्योगिकी, विनिर्माण और अन्य क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार करने पर सार्थक चर्चा की। मैंने भारत की सुधार यात्रा और देश द्वारा प्रदत्त बढ़ते अवसरों पर प्रकाश डाला और स्लोवाकिया की कंपनियों को भारत के साथ अपनी साझेदारी को और गहरा करने के लिए आमंत्रित किया।''
--आईएएनएस
एवाई/एबीएम