☰
×

सीतापुर में अतिवृष्टि से हालात गंभीर, डीएम-एसपी ने जलभराव क्षेत्रों का किया निरीक्षण

 

सीतापुर, 26 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में लगातार हो रही अतिवृष्टि के बीच प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शुक्रवार देर रात व शनिवार को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से जलभराव और बाढ़ संभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी सबसे पहले शहर के पूर्णागिरी मोहल्ला पहुंचे, जहां उन्होंने जलभराव की स्थिति का अवलोकन किया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने सिधौली तहसील क्षेत्र स्थित बिसवां चौराहे का निरीक्षण कर वहां जलभराव की स्थिति का जायजा लिया।

जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जल निकासी की व्यवस्था प्रभावी ढंग से संचालित करने, बाढ़ संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही राहत शिविरों की व्यवस्था, राशन, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के लिए भी कहा।

डीएम ने बताया कि नदी का जलस्तर भी बढ़ा है। इसके अलावा पूर्णागिरी मोहल्ले में भी जलभराव है। प्रभावित लोगों को रैन बसेरे, धर्मशाला व स्कूलों में भेजा जा रहा है। खाने पीने की व्यवस्था प्रशासन करा रहा है। वहीं नगर पालिका व एसडीएम को निर्देशित किया गया है। पंप लगाकर पानी निकालने की व्यवस्था पहले से थी, लेकिन लगातार बारिश के चलते फिर जलभराव हो गया है, जिसके निदान के लिए 3 इंजन लगाकर समाधान के प्रयास किए जा रहे है। वहीं बाढ़ प्रभावित गाजर इलाकों में भी प्रशासन नजर बनाए हुए है।

पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने कहा कि पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी कर रही हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि लगातार हो रही बारिश के दौरान अफवाहों पर ध्यान न दें और नदी-नालों, जर्जर भवनों तथा जलभराव वाले इलाकों के पास जाने से बचें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए यूपी डायल-112 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।

बारिश के चलते जनपद के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित कर रहा है।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी