सीतापुर में इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद
सीतापुर, 20 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के बिसवां थाना क्षेत्र के मतिकरपुर में लूट का मुख्य आरोपी, 25 हजार का इनामी अपराधी इंदल गिरी, शुक्रवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया। इसके तीन अन्य साथी पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस गिरफ्तारी में बिसवां पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त प्रयास किया। अभियुक्त के कब्जे से बाइक, तमंचा व चार कारतूस बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ में घायल अभियुक्त को इलाज के लिए सीएचसी बिसवां में भर्ती कराया गया है।
घटनास्थल पर मौजूद सीओ बिसवां अमन सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंदल गिरी किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही थाना बिसवां पुलिस और एसओजी टीम ने मोचकला के पास उसे रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बाइक पर सवार अभियुक्त ने पुलिस पर फायरिंग की और भागने का प्रयास किया। पुलिस की आत्मरक्षा में हुई कार्रवाई के दौरान अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी।
एसपी अंकुर अग्रवाल की ओर से अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके अनुपालन में सीओ बिसवां अमन सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई सफल हुई। गिरफ्तार अभियुक्त इंदल गिरी खालसापुरवा थाना रामपुर कलां का निवासी है और थाना बिसवां में दर्ज मुकदमे में वांछित था। इससे पहले इसी मामले में तीन अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
सीओ अमन सिंह ने कहा कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में सुरक्षा की स्थिति मजबूत होगी और अपराधियों के मनोबल को तोड़ने में मदद मिलेगी। पुलिस लगातार ऐसे अपराधियों पर निगरानी बनाए रखेगी और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को रोकने के लिए तत्पर रहेगी। अपराधी इंदल गिरी से पूछताछ की जा रही है, जिससे इसके अन्य साथियों को गिरफ्तार किया जा सके।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम