राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर मंत्री अनिल राजभर बोले-'एसआईटी को गुमराह और जांच को प्रभावित न करे विपक्ष'
लखनऊ, 3 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर ने राम मंदिर चढ़ावा विवाद और मदरसों की जांच के साथ विपक्ष को लेकर प्रतिक्रिया दी है। आईएएनएस से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव के बयान पर अनिल राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी को खुद की चिंता करनी चाहिए। भाजपा की चिंता करने के लिए हमारे कार्यकर्ता और प्रदेश की जनता है। सपा को हमारी चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। 2027 के विधानसभा चुनाव में सब साफ हो जाएगा। उनको खुद की और खुद के पार्टी की चिंता करनी चाहिए।
एटीएस की ओर से मदरसों की जांच को लेकर अनिल राजभर ने कहा कि शिक्षा के कोई भी प्रतिष्ठान भावी भविष्य के निर्माण के काम करते हैं। छात्रों को गढ़ने का काम करते हैं। ऐसे में मदरसों पर किस तरह के सवाल खड़े होते रहे हैं, यह किसी से छिपा नहीं है। यह जानना बिल्कुल जरूरी है कि मदरसों में क्या हो रहा है और कैसे हो रहा है। मेरा मानना है कि इसमें न्यायालय की ओर से कोई रोक नहीं लगाई जाएगी।
राम मंदिर चढ़ावा विवाद मामले को लेकर कांग्रेस के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे गए पत्र पर अनिल राजभर ने कहा, "ये चिट्ठी लिखने वाले कौन हैं, कहां से आ गए? भगवान के मंदिर का विरोध करने वालों, भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल खड़ा करने वालों के ज्ञान की जरूरत नहीं है। अयोध्या में हो रही कार्रवाई को देश, प्रदेश और दुनिया देख रही है।"
अनिल राजभर ने कहा कि विपक्ष की ओर से बेवजह एसआईटी को गुमराह करने और जांच को प्रभावित करने की कोशिश न की जाए। सरकार का संकल्प है कि पूरे प्रकरण में हम दूध का दूध और पानी का पानी करेंगे। हालांकि टारगेट करके प्रतिपक्ष की ओर से हो-हल्ला मचाया जा रहा है, यह उचित नहीं है। विपक्ष को अपनी चिंता करनी चाहिए। आज पूरा विधान परिषद कांग्रेस मुक्त है। उनको अपनी चिंता करनी चाहिए।
'इंडिया' गठबंधन में सीटों को लेकर खटपट पर अनिल राजभर ने कहा कि वो तो हमेशा से रहा है। पश्चिम बंगाल, केरल और तमिलनाडु के चुनाव में 'इंडिया' गठबंधन कहीं दिखाई नहीं दिया। वह अस्तित्व में ही नहीं है। ऐसे में जो अस्तित्व में नहीं है, उस पर चर्चा क्या करना है?
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दौरे को लेकर अनिल राजभर ने कहा कि हम सभी को उनका बेसब्री से इंतजार है। उनका मार्गदर्शन मिलेगा। हर एक कार्यकर्ता 2027 के लिए कमर कसेगा। हम सभी लोग राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन करते हैं।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम