☰
×

सिराज को बाहर करने पर उदित राज का बयान, बोले- क्रिकेट में पक्षपात

 

नई दिल्ली, 21 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस प्रवक्ता उदित राज ने इमरान मसूद के उस बयान का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट की प्लेइंग इलेवन से तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को नाम और मुस्लिम पहचान की वजह से बाहर रखा गया है।

उन्होंने कहा, "क्रिकेट में पक्षपात तो है, क्योंकि इसमें बहुत पैसा लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि मैं इमरान मसूद का समर्थन करता हूं। दलित हो, पिछड़ा हो, इस देश के अंदर कोई व्यक्ति कुछ काम करे या न करे, लेकिन मानसिक स्तर पर ही सही, जाति और धर्म तो लोगों के दिमाग में भरा हुआ है।"

जातिगत भेदभाव को लेकर उदित राज ने कहा कि तीन सौ-चार सौ पत्रकारों की भीड़ में जब राहुल गांधी ने कहा कि दलित-पिछड़े पत्रकार हाथ उठाएं, तो एक-दो हाथ ही उठे। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सौ करोड़ आबादी जो दलित, ओबीसी या अल्पसंख्यक वर्ग की है, वह योग्य ही नहीं है।

उन्होंने कहा कि कुछ रिपोर्टर ऐसे हैं जो दलित समाज के हैं, ओबीसी समाज के हैं, लेकिन जाति नहीं बताते। उन्हें डर रहता है कि जहां जाति पता लग गई, वहां से उन्हें निकाल दिया जाएगा। उदित राज ने कहा कि जातिवाद ने इस देश को बर्बाद कर दिया है।

पाकिस्तानी मंत्री मुसद्दिक मसूद मलिक की भारत यात्रा पर उदित राज ने कहा कि बातचीत होते रहना चाहिए, लेकिन शर्त तो एक है कि जो आतंकवादी गतिविधियां हैं, उन्हें पाकिस्तान अपने यहां पहले बंद करे। जो आतंकी कैंप वहां चल रहे हैं, उन्हें खत्म करे।

उन्होंने कहा कि बात सिर्फ मलिक और शाहनवाज तक ही नहीं है। बात आईएसआई की है। वहां के प्रधानमंत्री की जगह सेना और आईएसआई के हाथ में कमान है। आईएसआई आतंकवादी गतिविधियों को न कम करती नहीं है, खत्म करती नहीं है। वरना तो दोनों देशों का एक ही जैसा कल्चर है, एक ही जैसी सोच है और मुक्त आवागमन होना चाहिए और न्यूनतम प्रतिबंध होना चाहिए। लेकिन दुर्भाग्य है कि पाकिस्तान ऐसी परिस्थिति पैदा करता रहता है कि रिश्ते खराब रहते हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा पीएम मोदी की तारीफ किए जाने पर उदित राज ने कहा कि जब ट्रंप अपमानित करते हैं, तो यह सवाल क्यों नहीं उठता है? उन्होंने कहा कि सौ बार से ज्यादा कहा गया कि ऑपरेशन सिंदूर को उन्होंने रुकवाया। ट्रंप ने यह भी कहा कि मैं चाहूं तो मोदी जी का करियर खराब कर सकता हूं। इस पर भी सवाल उठना चाहिए।

राजस्थान पंचायत चुनावों में कांग्रेस की भारी जीत पर उदित राज ने कहा कि इसका कारण यह है कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा सरकार ठीक से नहीं चला पा रहे हैं। वह पहली बार सामने आए एक नए नेता हैं। भाजपा का अपना आंतरिक विरोधाभास है कि जो भी नेता उभरता है, उसे खत्म कर दिया जाता है। इसी तरह शिवराज सिंह चौहान को भी मध्य प्रदेश से हटाकर केंद्र में ले आया गया। इस तरह भजन लाल शर्मा को बैठा दिया गया, लेकिन वह सरकार नहीं चला पा रहे हैं।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस