×

एसआईआर प्रक्रिया में लोगों की मदद को आगे आई एआईएमआईएम, लॉन्च किया मोबाइल ऐप

 

मुंबई, 11 मई (आईएएनएस)। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर एक खास मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने कहा कि एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर ऐप लॉन्च करने वाली उनकी पार्टी देश की पहली राजनीतिक पार्टी है।

उन्होंने कहा कि यह मामला बेहद संवेदनशील है, क्योंकि इसका सीधा असर लोगों की नागरिकता और मतदाता सूची में उनके नाम पर पड़ सकता है। ऐसे में लोगों को सही जानकारी और सहायता उपलब्ध कराना बेहद जरूरी हो गया था।

वारिस पठान ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि चुनाव आयोग द्वारा एसआईआर प्रक्रिया के तहत मैपिंग अभियान शुरू किए जाने के बाद आम लोगों के बीच काफी भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी। लोगों को यह समझ नहीं आ रहा था कि उन्हें कौन-कौन से दस्तावेज जमा करने हैं, दस्तावेज किसे देने हैं और प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहां जाना है। इसी समस्या को देखते हुए एआईएमआईएम ने अपने स्तर पर आर्थिक संसाधन खर्च कर एक विशेष ऐप तैयार किया, ताकि लोगों को तकनीकी और प्रशासनिक सहायता मिल सके।

उन्होंने बताया कि केवल ऐप बनाना ही उद्देश्य नहीं था, बल्कि पार्टी ने इसके संचालन और उपयोग को लेकर कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण भी दिया। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में कैंप लगाए गए, जहां लोगों को ऐप के जरिए एसआईआर प्रक्रिया समझाई जा रही है और आवश्यक मदद उपलब्ध कराई जा रही है। इस पहल से लोगों को काफी सहूलियत मिल रही है और वे आसानी से अपनी जानकारी अपडेट कर पा रहे हैं।

वारिस पठान ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान लोगों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता था। कई बार मतदाता सूची में नाम गलत दर्ज हो जाता था तो कभी घर बदलने या पते में बदलाव के कारण लोगों को परेशानी होती थी।

उन्होंने कहा कि पार्टी का यह ऐप ऐसे ही मुद्दों के समाधान के लिए बनाया गया है, ताकि किसी भी व्यक्ति का नाम गलत तरीके से वोटर लिस्ट से न हटाया जाए। एआईएमआईएम आने वाले समय में भी लोगों की मदद के लिए पूरी तरह तैयार है और एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर जागरूकता फैलाने का काम लगातार जारी रखेगी।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी