☰
×

एसआईआर पर आपत्ति है तो कोर्ट जाएं, दलित महिला से बर्बरता पर राहुल गांधी पहले दें जवाब: राकेश त्रिपाठी

 

लखनऊ, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन पर नैरेटिव की लड़ाई लड़ने और सोशल मीडिया को हथियार बनाने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने एसआईआर और चुनाव आयोग पर सवाल उठाने वालों को कोर्ट जाने की नसीहत दी तो वहीं कांग्रेस कार्यालय में दलित महिला के साथ हुई बर्बरता पर राहुल गांधी से 'नफरत या मोहब्बत' पर जवाब मांगा।

भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा, "देश के हर नागरिक को अपनी याचिकाओं के साथ हाई कोर्ट या सुप्रीम कोर्ट जाने का अधिकार है। अगर किसी को एसआईआर या चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर आपत्ति है तो वह निश्चित रूप से कोर्ट जा सकता है। एसआईआर को लेकर देश में पहले ही कई याचिकाएं दायर की जा चुकी हैं और उनकी सुनवाई के बाद कोर्ट ने पहले भी इस मामले पर अपनी राय पेश की है।"

उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी नफरत का जवाब मोहब्बत से देने की बात करते हैं तो उन्हें पहले कांग्रेस कार्यालय के अंदर एक दलित महिला के साथ हुई बर्बरता का जवाब देना चाहिए, जहां उसे पीटा गया। उन्हें पहले यह जवाब देना चाहिए कि उनकी अपनी पार्टी के कार्यालय के अंदर जो हुआ, वह नफरत थी या मोहब्बत।

पंचायत चुनाव तीन महीने के भीतर कराने के हाई कोर्ट के आदेश पर राकेश त्रिपाठी ने कहा, "उत्तर प्रदेश सरकार कानून के राज का पालन करती है। हाई कोर्ट ने जो भी आदेश दिया है, हम उसका अध्ययन करेंगे और उसका अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए काम करेंगे। सरकार के आगामी कदमों को लेकर हम कानूनी विशेषज्ञों से सलाह लेंगे। हाई कोर्ट के आदेश की रिपोर्ट का अध्ययन करेंगे और शीघ्र ही उचित निर्णय लेंगे।"

मेरठ कोर्ट द्वारा मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को उसके पति सौरभ की हत्या के मामले में मौत की सजा सुनाए जाने पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जो जघन्य अपराध हुआ था, उस संबंध में जांच के बाद बहुत कम समय में ट्रायल पूरा किया गया और उत्तर प्रदेश सरकार ने सजा दिलाना सुनिश्चित किया। यह बदलता हुआ उत्तर प्रदेश है, जहां अपराधियों के लिए बिल्कुल भी रियायत नहीं है। अगर उत्तर प्रदेश की सीमा के अंदर कोई अपराध होता है तो यूपी पुलिस यह सुनिश्चित करेगी कि उसे उसके अंजाम तक पहुंचाया जाए।

--आईएएनएस

केके/डीकेपी