सिंगापुर ओपन: सेमीफाइनल में पहुंची सात्विक-चिराग और ध्रुव-तनीषा की जोड़ी
सिंगापुर, 29 मई (आईएएनएस)। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी/चिराग शेट्टी और ध्रुव कपिला/तनीषा क्रास्टो की जोड़ी ने शुक्रवार को सिंगापुर ओपन 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। सिंगापुर इंडोर स्टेडियम में चौथी वरीयता प्राप्त सात्विक-चिराग ने एक गेम से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए मलेशिया के कांग खाई जिंग और आरोन ताई को 19-21, 21-17, 21-13 से हराया। यह मुकाबला 65 मिनट तक चला।
अब सेमीफाइनल में सात्विक-चिराग की जोड़ी का मुकाबला मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन और वर्ल्ड नंबर-1 जोड़ी किम वोन हो और सियो सेउंग जे (कोरिया) से होगा।
मिक्स्ड डबल्स में, ध्रुव-तनीषा की जोड़ी ने अगले दौर में जगह बना ली है, क्योंकि तीसरी वरीयता प्राप्त मलेशियाई जोड़ी चेन तांग जी और तोह ई वेई ने शुरुआती गेम के दौरान मैच से हटने का फैसला किया। फाइनल में जगह बनाने के लिए अब इस भारतीय जोड़ी का मुकाबला जापान के युइची शिमोगामी और सायाका होबारा से होगा।
मेंस सिंगल्स में, ऑल इंग्लैंड 2026 के उपविजेता लक्ष्य सेन को जापान के कोकी वतनबे के खिलाफ 19-21, 21-15, 15-21 से हार का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला 68 मिनट तक चला।
इस बीच, पीवी सिंधु का सफर क्वार्टरफाइनल में ही समाप्त हो गया, जिन्हें वर्ल्ड नंबर 1 एन से यंग के खिलाफ 17-21, 14-21 से शिकस्त मिली। 48 मिनट चले कड़े मुकाबले में जीत के साथ कोरियन खिलाड़ी ने भारतीय स्टार के खिलाफ अपना 'हेड-टू-हेड रिकॉर्ड' 9-0 तक पहुंचा दिया है।
गुरुवार को, पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन, मेंस डबल्स जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी, और मिक्स्ड डबल्स जोड़ी ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो ने क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई थी।
सिंधु ने जापान की रिको गुंजी को सीधे गेम में हराया, जबकि सात्विक-चिराग ने ली झे-हुई और यांग पो-ह्सुआन को 21-15, 11-21, 21-18 से हराया। ध्रुव और तनीषा ने जापान की चुनौती का सामना करते हुए यूटा वतानाबे और माया तागुची को 8-21, 21-17, 21-16 से शिकस्त दी थी।
--आईएएनएस
आरएसजी