×

सिंधु जल समझौते को लेकर जदयू नेता राजीव रंजन बोले- पाकिस्तान की थम रही हैं सांसें

 

पटना, 9 जुलाई (आईएएनएस)। जदयू नेता राजीव रंजन ने सिंधु जल संधि, पीएम मोदी की ऑस्ट्रेलिया यात्रा और ममता बनर्जी से जुड़ी घटनाओं समेत कई और मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी है।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान पहले तो हतप्रभ हुआ, अब उनकी सांसें थम रही हैं। पहलगाम नरसंहार के बाद भारत की ओर से कुछ बड़े और महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। अब कृषि क्षेत्र को लेकर पाकिस्तान की जो आवश्यकताएं हैं या जो पीने के पानी का सवाल है, सिंचाई का सवाल है। उनको बड़ी मुसीबतों का सामना करना पड़ेगा। इसीलिए अंतरराष्ट्रीय बिरादरी के सामने पाकिस्तान गिड़गिड़ा रहा है।

राजीव रंजन ने कहा, "उमर अब्दुल्ला की ओर से बिल्कुल साफ और सही अर्थों में कहा गया है। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री के तौर पर उमर अब्दुल्ला को भी पता है कि समझौते को रोके जाने के बाद, जो व्यवस्था है उसमें कश्मीर के किसानों को ज्यादा उम्मीदें हैं। इसीलिए यह एक सकारात्मक राजनैतिक स्टैंड है।

अमेरिका और ईरान के बीच फिर से संघर्ष शुरू होने को लेकर राजीव रंजन ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। दोनों तरफ से हमले किए गए और जिस तरह से तनाव फिर से शुरू हो गया है, उससे कच्चे तेल की कीमतों में फिर से गुणात्मक बदलाव आना शुरू हो गया है। पिछले दिनों जिस तरह से पूरी दुनिया ने मुश्किलों का सामना किया है, उसका दोहराव अब लोग नहीं चाहते। ऐसे में दोनों ही पक्षों को संयम का रास्ता अख्तियार करना चाहिए। दोनों पक्षों को समझौते की शर्तों का सम्मान करना चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे को लेकर राजीव रंजन ने कहा कि कई ऐसे क्षेत्र है, जहां भारत और ऑस्ट्रेलिया को बड़ा लाभ हो सकता है। सेमीकंडक्टर का क्षेत्र है, एआई को लेकर जिस तरह से वैश्विक प्रतिस्पर्धा है, भारत और ऑस्ट्रेलिया उसमें बढ़त ले सकते हैं। इसके साथ ही यूरेनियम संवर्धन से लेकर कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां दोनों के व्यापक हित हैं। प्रधानमंत्री की ऑस्ट्रेलिया यात्रा से कुछ बड़े एलान किए जा सकते हैं, जिससे भारतीय अर्थव्यवस्था को खासा लाभ हो सकता है।

ममता बनर्जी के कार्यक्रम में अंडे फेंके जाने को लेकर राजीव रंजन ने कहा कि लोगों के अंदर नाराजगी है। ममता बनर्जी की सरकार के दौरान विरोधी दलों के कार्यकर्तओं के साथ उत्पीड़न, हत्याएं और आगजनी, जिस तरह की घटनाएं घटीं हैं, आज वे सत्ता में नहीं हैं। लेकिन लोगों के अंदर नाराजगी है। फिर भी किसी भी तरह की अराजगता बंगाल की सरकार बर्दाश्त करने के लिए तैयार नहीं है।

टीएमसी के कार्यकर्ता को ममता बनर्जी की ओर से थप्पड़ मारने पर राजीव रंजन ने कहा कि ममता बनर्जी अभी भी सुधरने को तैयार नहीं हैं। राजनैतिक दलों को जो लोग जागीर की तरह इस्तेमाल करते हैं, उन्हें जनता इसी तरह से किनारे लगाने का फैसला लेती है। अगर ममता बनर्जी और टीएमसी के नेता ऐसी हरकतों से बाज नहीं आएंगे तो टीएमसी की ओर ज्यादा मुश्किलें बढ़ेंगी।

बंगाल एनकाउंटर को लेकर राजीव रंजन ने कहा कि आरजी कर से लेकर संदेशखाली की घटनाओं के बाद महिलाओं में विश्वास पैदा करने और उनकी सुरक्षा को स्थापित करने के लिए बंगाल की सरकार कुछ बड़े कदम उठा रही है और अपराधियों के हौंसले को खत्म कर रही है, तो इस पर किसी को ऐतराज नहीं होना चाहिए।

--आईएएनएस

एसडी/पीएम