सिलचर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लाखों के चोरी के सामान बरामद, 5 आरोपी गिरफ्तार
दिसपुर, 6 मार्च (आईएएनएस)। असम के सिलचर रंगिरखारी पुलिस ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने में सफलता हासिल की। पुलिस ने पांच कुख्यात चोरों को गिरफ्तार करने के साथ उनके पास से लाखों रुपए के चोरी के सामान बरामद किए हैं।
एक गुप्त सूचना के आधार पर, रंगिरखारी पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसने शहर भर में कई स्थानों पर छापेमारी की। इस ऑपरेशन के दौरान, पांच चोरों को पकड़ा गया और उनके पास से भारी मात्रा में चोरी के सामान बरामद किए गए।
पुलिस द्वारा बरामद किए गए सामान में 47 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 73,000 रुपए नकद, 9 कलाई घड़ियां, सोने की बालियों का एक जोड़ा, 3 अंगूठियां समेत अन्य सामान शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्दुल बासित चौधरी, जयदीप दास, प्रदीप दास, आरिफ उद्दीन लस्कर और राहुल सरकार के रूप में हुई है। सभी सिलचर के ही रहने वाले हैं।
मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आगे की जांच चल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या इस चोरी के गिरोह में और भी लोग शामिल हैं। अधिकारियों ने यह भी आश्वासन दिया कि आने वाले दिनों में चोरी रोकने के ऐसे ऑपरेशन जारी रहेंगे।
इसी प्रकार का एक और मामला सोमवार को दिल्ली के शकरपुर थाना क्षेत्र से सामने आया, जहां पुलिस ने स्नैचिंग, लूट और चोरी की कई वारदातों में शामिल एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है। इसी के साथ दिल्ली पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पांच मोबाइल बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इंतजार उर्फ इम्तियाज (30), निवासी त्रिलोकपुरी, पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी 24 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, जिनमें झपटमारी, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम