दोस्त, परिवार और फिल्म जगत की हस्तियों ने सी. जोसेफ विजय को तमिलनाडु का सीएम बनने पर दी बधाई
चेन्नई, 10 मई (आईएएनएस)। चेन्नई में रविवार को तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत कर दी। शपथ ग्रहण समारोह में राजनीतिक नेताओं, फिल्म जगत की हस्तियों और हजारों समर्थकों की मौजूदगी ने इसे ऐतिहासिक बना दिया। विजय के मुख्यमंत्री बनने पर राज्यभर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
टीवीके विधायक एन. मैरी विल्सन ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि तमिलनाडु के लोग अपने बेटे और भाई को मुख्यमंत्री के रूप में देखकर बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि जनता पिछले तीन वर्षों से इस पल का इंतजार कर रही थी।
उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री विजय ने राज्य की वित्तीय और प्रशासनिक स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने की घोषणा की है, जिसे उन्होंने ऐतिहासिक कदम बताया।
विजय के करीबी सहयोगियों और परिवार के सदस्यों ने भी इस मौके को भावुक क्षण बताया। विजय के मित्र संजय ने कहा कि यह खुशी से बढ़कर एक भावनात्मक पल है और उनकी आंखों में खुशी के आंसू आ गए। विजय की भतीजी पल्लवी ने इसे परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया, जबकि उनकी चचेरी बहन कीर्तना ने कहा कि विजय ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए लंबा संघर्ष किया है।
विजय के पिता और प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक एसए चंद्रशेखर ने बेटे के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि जब विजय का जन्म हुआ था, तब वे आर्थिक कठिनाइयों से गुजर रहे थे। उन्होंने कहा कि विजय ने बचपन से संघर्ष देखा और हमेशा मेहनत के दम पर आगे बढ़ा।
फिल्म उद्योग से भी विजय को भरपूर समर्थन मिला। उनकी आखिरी फिल्म ‘जननायकन’ के निर्माता वेंकट के. नारायण ने कहा कि विजय के नेतृत्व में तमिलनाडु में एक नए दौर की शुरुआत होगी और वे अपने सभी वादे पूरे करेंगे। अभिनेत्री संगीता ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए इसे राज्य के लिए अच्छे समय की शुरुआत बताया।
राजनीतिक स्तर पर भी विजय सरकार को समर्थन मिल रहा है। कांग्रेस नेता गिरीश चोडणकर ने कहा कि राहुल गांधी विशेष रूप से शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पहुंचे और कांग्रेस इस सरकार के साथ मिलकर जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए काम करेगी। वहीं फिल्म निर्माता वी. नटराजन ने उम्मीद जताई कि विजय राज्य को भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देंगे।
--आईएएनएस
एसएके/वीसी