×

शुभमन गिल का न होना जीटी के लिए बड़ा झटका था, साई सुदर्शन ने उठाई जिम्मेदारी: आर अश्विन

 

नई दिल्ली, 5 अप्रैल (आईएएनएस) भारत के पूर्व ऑफ-स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कप्तान शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में गुजरात टाइटंस (जीटी) के लिए साई सुदर्शन की खेली गई पारी की तारीफ की। अश्विन ने कहा कि जिस तरह सुदर्शन ने बल्लेबाजी की उससे पता चलता है कि वह अपनी ताकत समझते हैं।

अश्विन ने जियोस्टार पर कहा, "साई सुदर्शन को पता था कि शुभमन आज नहीं खेल रहे हैं, इसलिए उन्हें खुद ही सारा काम करना पड़ा। जिस तरह से उन्होंने शुरुआत की, उससे पता चला कि वह अपनी ताकत समझते हैं। उन्होंने पेस का अच्छा इस्तेमाल किया, गेंद को थर्ड मैन की तरफ गाइड किया, और फिर फ्रंट फुट पर कुछ अच्छे कवर ड्राइव खेले। उन्होंने जडेजा के अटैक में आने के तुरंत बाद उनका सामना किया, पेस का इस्तेमाल किया, और इसके बाद एक स्लॉग स्वीप किया।"

उन्होंने कहा, "सुदर्शन के लिए ये मजबूत क्षेत्र हैं, जिन पर वह भरोसा करते हैं, और उन्हें नतीजे मिले। उन्हें ऐसे ही खेलना होगा, पारी को अच्छी रफ्तार से आगे बढ़ाना होगा। गुजरात टाइटंस के लिए, शुभमन गिल का न होना एक बड़ा झटका था। इसलिए जाहिर है, जब शुभमन वापस आएंगे, तो यह ओपनिंग जोड़ी टीम के लिए आगे भी होगी।"

साई सुदर्शन ने शनिवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में पारी की शुरुआत करते हुए 44 गेंदों पर 73 रन की शानदार पारी खेली। हालांकि, इस पारी के बावजूद जीटी को 6 रन से हार का सामना करना पड़ा।

राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 210 रन बनाए थे। जीटी 20 ओवर में 8 विकेट पर 204 रन ही बना सकी।

बता दें कि शुभमन गिल मांसपेशियों में ऐंठन के कारण आरआर के खिलाफ नहीं खेल पाए थे। उनकी गैरमौजूदगी में राशिद खान ने गुजरात की कप्तानी की थी।

--आईएएनएस

पीएके