×

श्रीश्री रविशंकर से मिलीं जैस्मिन भसीन, कहा-दिल में था तूफान, गुरुदेव ने दिखाया रास्ता

 

मुंबई, 2 सितंबर (आईएएनएस)। टेलीविजन अभिनेत्री जैस्मिन भसीन ने हाल ही में आध्यात्मिक गुरु श्रीश्री रविशंकर से मुलाकात की। अभिनेत्री ने बुधवार को सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि उनके लिए यह यात्रा एक अलग तरह का मार्गदर्शन है।

अभिनेत्री ने अपनी इस यात्रा की कुछ तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट कीं, जिसमें वे श्रीश्री रविशंकर से आशीर्वाद लेती नजर आ रही हैं। अपनी इस यात्रा की तस्वीरें पोस्ट कर जैस्मीन ने लिखा, "जिंदगी में कुछ मुलाकातें ऐसी होती हैं, जैसे वो हमारे लिए पहले से ही तैयार थीं, वो भी ऐसे वक्त जब पता नहीं होता कि हमें असल में इसकी जरूरत थी। शुक्रिया गुरुदेव मुझे उस वक्त मिलने के लिए जब मेरे अंदर बहुत कुछ चल रहा था। मेरे मन में बहुत सारी उलझने थीं, दिल में तूफान और आत्मा में ऐसे सवाल, जो मैंने किसी से शेयर नहीं किए थे।"

अभिनेत्री जैस्मीन भसीन ने बताया कि गुरुदेव ने सही मार्गदर्शन देने में मदद की। उन्होंने लिखा, "जब मैं आपके सामने बैठी, तो मुझे कुछ भी बताने की जरूर महसूस नहीं हुई, ऐसा लगा जैसे आपको सब कुछ पहले से ही पता था। बिना मेरे कुछ कहे, आपके शब्द, मौजूदगी और मार्गदर्शन ने मेरे अंदर की उन जगहों को छुआ, जिन्हें मैं खुद भी बयां नहीं कर सकती।"

उन्होंने आगे लिखा, "आपने बड़ी सहजता से मुझे रास्ता दिखाया, जब मैं उलझनों से घिरी हुई थी और मुझे याद दिलाया कि किस रास्ते पर लौटना है। शायद गुरु वही होता है जो सिर्फ सिखाता नहीं बल्कि बिना कहे भी समझ जाता है। आपके अंदर चल रही खामोशी को देख लेता है और प्यार, कृपा से आपको रोशनी की ओर ले जाता है।"

अभिनेत्री ने आखिरी में लिखा, "मुझे सच में लगता है कि इस बार आपका बुलावा भी मेरी जिंदगी में ठीक उसी वक्त आया जब मेरी आत्मा को इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी। कुछ आशीर्वाद शोर के साथ नहीं आते, वे चुपचाप आते हैं और आपके अंदर हमेशा के लिए कुछ बदल जाते हैं। शुक्रिया गुरुदेव, आपकी गर्मजोशी, आपकी दिव्य उपस्थिति और उस वक्त एक रोशनी बनकर रास्ता दिखाने के लिए, जब मुझे इसकी जरूरत थी, बिना ये जाने कि मुझे इसकी कितनी गहराई से जरूरत थी। मैं शब्दों से परे आपकी आभारी हूं।"

--आईएएनएस

एनएस/पीएम