श्रावण मास में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में काशीवासियों को दर्शन के लिए अलग मार्ग की होगी व्यवस्था: सीएम योगी
वाराणसी, 7 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को वाराणसी पहुंचे। स्थानीय सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ विकास कार्यों के प्रगति एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनपद में गतिमान निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि एकीकृत मंडलीय कार्यालय का निर्माण कार्य 18 माह में कराए जाने का हरसंभव प्रयास किया जाए। उन्होंने गंगा नदी में नावों के सुचारू संचालन की व्यवस्था के संबंध में नाविकों के साथ बैठक कर छोटी नावों का स्थानीय स्तर पर नगर निगम के माध्यम से पंजीकरण कराकर उन्हें लाइफ जैकेट आदि अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान किए जाने का निर्देश दिया। दालमंडी सड़क चौड़ीकरण के संबंध में अवशेष भवनों का नियमानुसार मुवायजा वितरित कर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही शीघ्रता से कराए जाने का निर्देश दिया। जलजीवन मिशन के अंतर्गत कार्यों को तेजी से पूर्ण कराए जाने के भी निर्देश दिए।
सीएम योगी ने कहा कि इस योजना में फंड की कोई कमी नहीं है, इसलिए किसी भी स्तर पर कार्य में हीलाहवाली नहीं होनी चाहिए। पेयजल पाइप लाइन बिछाए जाने के दौरान खोदी गई सड़कों का साथ-साथ मरम्मत कार्य भी अवश्य कराया जाय। इसमें कहीं से भी शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।
उन्होंने वाराणसी में बन रहे रोप-वे की प्रगति की जानकारी लेते हुए उसे तय समयसीमा में पूर्ण कराए जाने का निर्देश दिया। इस दौरान मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने मुख्यमंत्री को बताया कि माह अगस्त तक रोप-वे का कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा। शहर में अंडरग्राउंड केबलिंग के दौरान जगह-जगह सड़कें खोदकर छोड़ दी जा रही हैं और इनकी मरम्मत ठीक से नहीं की जा रही है, जिससे दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।
मुख्यमंत्री ने निर्देशित करते हुए कहा कि उक्त कार्य से पहले अंतर्विभागीय बैठकें अवश्य कर ली जाए, ताकि संबंधित विभाग सड़को के रेस्टोरेशन का कार्य समय से करा सके। उन्होंने ऐसी सड़कों का मरम्मत प्राथमिकता पर कराए जाने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान उपाध्यक्ष, वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित की जा रही टाउनशिप आनंद काशी, रुद्र काशी, काशी स्पोर्ट्स सिटी के प्रगति से संबंधित जानकारी मुख्यमंत्री को दी गई। मुख्यमंत्री ने समस्त आवश्यक कार्यवाहियों को समय से कराए जाने हेतु निर्देशित किया।
उन्होंने शहर में पेयजल एवं सीवर पाइप लाइन बिछाये जाने के दौरान रोड कटिंग के रेस्टोरेशन के कार्यों को साथ ही साथ कराए जाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्माणाधीन यूनिटी मॉल के निर्माण कार्य में भी तेजी लाये जाने का निर्देश दिया।
सीएम योगी ने वृक्षारोपण महाअभियान की मुकम्मल तैयारी किए जाने हेतु भी निर्देशित किया। मुख्यमंत्री ने बार्डर एरिया में पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरतने, पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ ही प्रत्येक 6 माह पर पुलिस कार्मिकों की ड्यूटी बदलने के निर्देश दिए। आईजीआरएस, सीएम हेल्प लाइन आदि माध्यमों से प्राप्त होने वाली शिकायती प्रार्थना पत्रों का मेरिट के आधार पर निस्तारण का निर्देश दिया। जनपद में गतिमान महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रगति सुनिश्चित कराए जाने हेतु उन्होंने निर्देशित किया।
श्रावण मास की तैयारियों की समीक्षा के दौरान श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में काशीवासियों को दर्शन के लिए अलग मार्ग की व्यवस्था किए जाने हेतु मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया। जिस पर पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने काशीवासियों के इस बहुप्रतीक्षित मांग पूरा करने पर काशीवासियों की तरफ से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आगामी श्रावण मास के दौरान मैदागिन से गोदौलिया तक किए जाने वाले बैरिकेटिंग से स्थानीय व्यापारियों को किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए तथा उक्त मार्ग पर पर्याप्त एम्बुलेंस की व्यवस्था मुकम्मल रखने की भी बात कही। जिस पर मुख्यमंत्री ने तदनुसार व्यवस्था किए जाने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बैठक में श्रावण मास के दौरान प्रशासन तथा पुलिस विभाग की तैयारियों की भी समीक्षा की गयी। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम द्वारा काशी विश्वनाथ धाम तथा वाराणसी परिक्षेत्र में स्थित विभिन्न शिवालयों में की जा रही तैयारियों को विस्तार से मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया। मुख्यमंत्री द्वारा निर्देशित किया गया कि श्रावण मास के दौरान प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, बेहतर समन्वय स्थापित करके कार्य करें। परिवहन व रेलवे के साथ भी बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि भीड़ नियंत्रण व बेहतर सुरक्षा श्रद्धालुओं को मिल सके। श्रद्धालुओं को सभी बुनियादी सुविधाएं साफ-सफाई, पेयजल, खोया पाया केंद्र, स्वास्थ्य एवं आपदा के बेहतर प्रबंधन, निःशुल्क लाकर आदि उपलब्ध हों।
उन्होंने गंगा नदी में बढ़ते जलस्तर से सावधानी बरतने, लाइफ़ जैकेट का प्रयोग, सीसीटीवी से लगातार मॉनिटरिंग समेत जल पुलिस को लगातार सतर्कता बरतने को निर्देशित किया। मैदागिन से गोदौलिया के बीच बैरिकेड्स को दुरुस्त करें ताकि किसी भी श्रद्धालु के पैर में चोट न लगे तथा जर्जर भवनों के पास बैरिकेड्स लगाने में सावधानी बरती जाए। श्रावण मास में पूरे महीने भीड़ होगी, जिसके दृष्टिगत बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। मंदिर व्यवस्था में लगे कार्मिकों की ड्यूटी में बदलाव करने को कहा ताकि वीआईपी दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं के साथ चिटिंग नहीं होने पाए। होटल, रेस्तरां तथा बस स्टैंडों पर मनमाना शुल्क न वसूला जाए, इस पर भी लगातार नजर बनाए रखने की जरूरत है।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार द्वारा विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान बताया कि 2014 से अब तक कुल 536 प्रोजेक्ट्स पूरे हुए हैं जिनकी कुल कीमत 36210 करोड़ रुपए है। वर्तमान में 191 कार्य गतिमान हैं जो कि 25007 करोड़ के हैं। उन्होंने जिले के गतिमान सभी प्रोजेक्ट्स को एक-एक करके मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया।
समीक्षा बैठक के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल द्वारा वाराणसी कमिश्नरेट की कानून व्यवस्था समेत आगामी श्रावण मास के दौरान पुलिस विभाग की तैयारियों को पीपीटी के माध्यम से मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया गया। एडीजी पियूष मोर्डिया द्वारा जोन के सभी नौ जिलों में पुलिस कार्रवाई समेत गो-तस्करी, अवैध शराब तस्करी, ऑपरेशन वज्रपात के दौरान की गई कार्रवाइयों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने और बेहतर कार्य करने समेत फूट पेट्रोलिंग बढ़ाने, उचित व्यवहार करने, विजिलेंट रहने समेत बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन को निर्देशित किया।
बैठक के दौरान श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, खादी ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान, स्टाम्प एवं पंजीयन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, सदस्य विधान परिषद राय धर्मेंद्र सिंह, विधायक डॉ अवधेश सिंह, सौरभ श्रीवास्तव, त्रिभुवन राम, डॉ सुनील पटेल, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा, डीआईजी वैभव कृष्णा, पूर्वांचल विद्युत वितरण के एमडी शंभू कुमार, उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण पूर्ण बोरा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, सीडीओ प्रखर कुमार, डीएफओ निधि चौहान समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
--आईएएनएस
डीकेपी/