×

शिवसेना नेता मनीषा कायंदे ने दिशा सालियान केस में तत्कालीन पुलिस अधिकारियों की भूमिका पर उठाए सवाल

 

मुंबई, 19 सितंबर (आईएएनएस)। शिवसेना नेता मनीषा कायंदे ने शनिवार को दिशा सालियान के पिता का समर्थन जताया और जून 2020 में घटना के दौरान पुलिस अधिकारियों की कार्रवाई को लेकर गंभीर सवाल उठाए। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी पर दूसरी राजनीतिक दलों को तोड़ने का आरोप लगाया। इसे लेकर शिवसेना नेता ने पलटवार किया।

दिशा सालियान मामले को लेकर शिवसेना नेता मनीषा कायंदे ने कहा, "एक पिता का गुस्सा है। एक पिता अपनी बेटी की मृत्यु के बाद भी उसे न्याय दिलाने के लिए लड़ रहा है। उनका आरोप और शायद दृढ़ विश्वास है कि इन लोगों ने उनकी बेटी को जलील किया है और उसकी मौत का कारण भी शायद कुछ लोग हैं।

एक अन्य सवाल के जवाब में मनीषा कायंदे ने कहा कि इसमें पार्टी और राजनीति के सवाल नहीं हैं, सवाल ये है कि क्या पुलिस ने अपना काम किया, क्या जो तपास यंत्रणा (जांच एजेंसी) है उन्होंने काम किया, क्या जो फॉरेंसिक के अधिकारी हैं उन्होंने काम किया और क्या उस वक्त की पुलिस और गृह मंत्रालय ने कुछ बात छुपाने की कोशिश की है? सीसीटीवी फुटेज हो या अन्य बहुत सारी बातें, उनके वकील खुलेआम अलग-अलग मीडिया चैनलों पर बात कर रहे हैं। अगर ऐसी बात है कि सतीश सालियान को पुलिस सुरक्षा की जरूरत है, तो निश्चित ही सरकार उनको देगी।

वहीं, राहुल गांधी के आरोपों पर शिवसेना नेता ने कहा कि राहुल गांधी का आरोप सरासर गलत है। वो अपनी पार्टी नहीं संभाल पा रहे हैं, अपने लोगों को नहीं संभाल पा रहे हैं। टीएमसी के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर शिवसेना नेता ने कहा कि ये न्यायिक प्रक्रिया है। इस पर चुनाव आयोग के लोगों का क्या निष्कर्ष रहा है, उसके आधार पर ये फैसला लिया गया होगा। चुनाव आयोग के ऊपर विपक्ष की तरफ से उठाए गए सवाल को लेकर उन्होंने कहा कि निश्चित है कि ये राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

--आईएएनएस

केके/वीसी