'आई लव यू, मामा' सुनकर मुस्कुराए शिवराज, वीडियो में बोले- 'बहुत दिनों से तुम्हारी याद आ रही थी'; चुनावी सभा में फ्लाइंग किस भी उछाला
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को मध्य प्रदेश के दतिया जिले में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। बसई में आयोजित जनसभा के दौरान उस समय दिलचस्प माहौल बन गया, जब भीड़ में मौजूद एक समर्थक ने जोर से "आई लव यू, मामा" कहा। इस पर शिवराज सिंह चौहान मुस्कुराए और अपने चिर-परिचित अंदाज में जवाब देते हुए बोले, "आई लव यू टू... बहुत दिनों से आपकी याद आ रही थी। तुमसे मिलने को दिल करता है रे बाबा।" उनके इस जवाब पर सभा में मौजूद लोगों ने तालियों और नारों के साथ उत्साह जताया। सभा के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने मंच से जनता की ओर फ्लाइंग किस भी उछाला, जिसका समर्थकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया।
"भाजपा के लिए सत्ता नहीं, सेवा सबसे बड़ी"
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा के लिए राजनीति सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की सेवा और राष्ट्र निर्माण का संकल्प है। उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा विकास, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ काम करती है।शिवराज ने लोगों से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए भाजपा को मजबूत करना जरूरी है।
"बसई मेरे दिल में बसता है"
शिवराज सिंह चौहान ने बसई से अपने जुड़ाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, "बसई से मेरा विशेष लगाव है। बसई मेरे दिल में बसता है। यहां के लोगों का प्यार और अपनापन हमेशा मुझे ऊर्जा देता है।"
डकैतों के दौर का किया जिक्र
सभा के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने वर्ष 2003 पहले के ग्वालियर-चंबल क्षेत्र की कानून-व्यवस्था का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस समय पूरा इलाका डकैतों के आतंक से परेशान था। अपहरण, हत्या और भय का माहौल आम बात थी।उन्होंने कहा, "भाजपा सरकार बनने के बाद हमने संकल्प लिया था कि या तो मध्य प्रदेश में डाकू रहेंगे या शिवराज सिंह चौहान। दोनों साथ नहीं रह सकते।" उन्होंने दावा किया कि सरकार बनने के एक वर्ष के भीतर अधिकांश डकैत या तो पुलिस कार्रवाई में मारे गए, जेल पहुंच गए या फिर प्रदेश छोड़कर भाग गए।
चुनावी माहौल हुआ गर्म
शिवराज सिंह चौहान के भाषण के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। चुनावी सभा में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और भाजपा के समर्थन में नारे लगाए। उनके संबोधन में विकास, कानून-व्यवस्था और जनसेवा जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।दतिया में उपचुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। ऐसे में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की सभाओं के जरिए मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। वहीं, शिवराज सिंह चौहान का सहज और भावनात्मक अंदाज एक बार फिर समर्थकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।