शिमला: काशा पाट में सीएम सुक्खू का रात्रि प्रवास, स्कूल भवन के लिए दो करोड़ रुपए की घोषणा
शिमला, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला जिले के रामपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित दुर्गम गांव काशा पाट में रात्रि प्रवास किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने काशा पाट में नए स्कूल भवन के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपए देने और खेल मैदान विकसित करने की घोषणा की। साथ ही काशा पाट से तकलेच होते हुए रामपुर तक बस सेवा शुरू करने का भी आश्वासन दिया।
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के भटवाड़ी में आयोजित 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद काशा पाट पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ उनका स्वागत किया। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को पारंपरिक वेशभूषा भेंट कर सम्मानित किया। देर रात तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ग्रामीणों के साथ नाटी में भी शामिल हुए। उन्होंने काशा पाट निवासी सुपन दास के घर रात्रि विश्राम किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं ग्रामीण पृष्ठभूमि से आते हैं और उनका मानना है कि गांवों में आर्थिक समृद्धि के बिना प्रदेश सही मायनों में खुशहाल नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दुर्गम और दूरदराज के क्षेत्रों के विकास को विशेष प्राथमिकता दे रही है, ताकि ये इलाके विकास की मुख्यधारा से पीछे न रहें।
सीएम सुक्खू ने काशा पाट में नए स्कूल भवन के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपए देने की घोषणा की। इसके साथ ही गांव में खेल मैदान विकसित करने और स्थानीय लोगों की विभिन्न मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में परेशानी न हो। इसी उद्देश्य से काशा पाट से तकलेच होते हुए रामपुर तक बस सेवा शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि गांव का कोई व्यक्ति अधिकतम 30 लाख रुपए की लागत से बस खरीदकर यह सेवा शुरू करता है तो राज्य सरकार उसे 40 प्रतिशत सब्सिडी देगी। रोहड़ू क्षेत्र में भी इसी तरह 40 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान किया जाएगा। इसके अलावा बस मालिक को पांच वर्ष तक हर महीने 50 हजार रुपए की सहायता देने की बात कही गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की लगभग 68 प्रतिशत भूमि वन क्षेत्र के अंतर्गत होने के कारण सड़क निर्माण के लिए कई बार वन विभाग से अनुमति लेनी पड़ती है। इससे दुर्गम क्षेत्रों में सड़क निर्माण के दौरान कई चुनौतियां आती हैं। इसके बावजूद सरकार दूरदराज के इलाकों को बेहतर सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने घोषणा की कि जिन महिला मंडलों के पास अपने भवन नहीं हैं, उन्हें भवन निर्माण के लिए पांच-पांच लाख रुपए दिए जाएंगे। जिन महिला मंडलों के पास भवन पहले से मौजूद हैं, उन्हें जरूरी सामान खरीदने के लिए एक-एक लाख रुपए की सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही ‘अपना परिवार, सुखी परिवार’ योजना शुरू करने जा रही है। इसके तहत पात्र महिलाओं को 1,500 रुपए प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी।
उन्होंने सौर ऊर्जा परियोजनाओं को बढ़ावा देने की सरकार की नीति का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित करने के लिए चार प्रतिशत ब्याज सब्सिडी दी जा रही है, जबकि जनजातीय क्षेत्रों में यह सब्सिडी पांच प्रतिशत है।
मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली बच्चियों का उत्साह बढ़ाने के लिए एक लाख रुपए देने की घोषणा की। कार्यक्रम में नशा निवारण और भ्रूण हत्या जैसे सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता प्रस्तुतियां भी दी गईं।
मुख्यमंत्री ने काशा पाट में होम स्टे के लिए पंजीकरण कराने वाले चार लोगों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए। उन्होंने कहा कि होम स्टे से प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय लोगों के लिए आय और रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।
उन्होंने विश्व पर्यटन सप्ताह के अवसर पर आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी के विजेताओं को पुरस्कार राशि भी प्रदान की।
काशा पाट निवासी सुपन दास ने कहा कि मुख्यमंत्री के गांव में रात्रि प्रवास से स्थानीय लोगों में उत्साह है। उनके अनुसार यह पहली बार है जब किसी मुख्यमंत्री ने काशा पाट में रात्रि प्रवास किया है। ग्रामीणों ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री के लिए पारंपरिक व्यंजन भी तैयार किए।
महिला मंडल काशा पाट की सदस्य वीना देवी ने विभिन्न घोषणाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि महिला मंडलों के लिए सहायता और नए स्कूल भवन के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपए की घोषणा से क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर महाधिवक्ता अनूप रतन, हिमकोन के अध्यक्ष विकेश चौहान और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी