×

शिक्षक की पत्नी से दिनदहाड़े चेन लूट, मुठभेड़ के बाद दो मुख्य आरोपियों समेत चार गिरफ्तार

 

इटावा, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में शिक्षक की पत्नी से दिनदहाड़े सोने की चेन लूटने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में सोमवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में रेकी करने वाले और लूटी गई चेन खरीदने वाले सुनार को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार, मोबाइल फोन और पिघला हुआ सोना बरामद किया।

28 मार्च को लवेदी थाना क्षेत्र के ग्राम दाउदपुर निवासी शिक्षक विनोद तिवारी पत्नी ममता के साथ लखना नहर पुल से सब्जी लेकर मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे लखना-चकरनगर रोड पर लाल पुल के पास पहुंचे, पीछे से आई काली मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने अचानक झपट्टा मारा और ममता के गले से सोने की चेन छीन ली। पीड़ित दंपति ने उनका पीछा किया लेकिन आरोपी दाउदपुर के सामने बम्बा पटरी की ओर मुड़कर आंखों से ओझल हो गए। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

घटना के तुरंत बाद लवेदी थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कई जगहों पर दबिश दी गई और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही थी। सोमवार सुबह पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध बदमाश काली अपाचे मोटरसाइकिल पर बकेवर थाना क्षेत्र के महिपालपुर के पास दिखे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू कर दी।

जैसे ही पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की, बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। वे घायल होकर गिर पड़े। आरोपियों की पहचान राघवेन्द्र शुक्ला और विश्वास उर्फ बिशू शुक्ला के रूप में हुई। दोनों को तुरंत महेवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गिरोह के दो और सदस्यों को गिरफ्तार किया। इनमें सूरज राजावत शामिल है जो वारदात से पहले इलाके की रेकी करता था। दूसरा आरोपी शंकर सोनी लूटी गई चेन को खरीदता था।

पुलिस ने बदमाशों के पास से बिना नंबर वाली काली अपाचे मोटरसाइकिल, दो तमंचे, कारतूस, मोबाइल फोन और लूटी गई चेन का करीब 15 ग्राम पिघला हुआ सोना बरामद किया है। इससे साफ हुआ कि आरोपी पेशेवर लुटेरे थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में एसओजी, सर्विलांस टीम, बकेवर और लवेदी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस अब आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस सफलता से इलाके के लोगों में पुलिस की छवि मजबूत हुई है।

--आईएएनएस

वीसी