×

शिक्षक दिवस के अवसर पर कॉलेज में पीएम मोदी का आना हमारे लिए बड़ा सम्मान: प्रिंसिपल सिमरित कौर

 

नई दिल्ली, 6 सितंबर (आईएएनएस)। श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) के शताब्दी समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने को कॉलेज प्रशासन ने ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर बताया। शिक्षक दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री के कॉलेज पहुंचने पर एसआरसीसी की प्रिंसिपल सिमरित कौर और वाइस प्रिंसिपल प्रोफेसर अरुणा ने संस्थान और शिक्षकों के लिए विशेष सम्मान बताया।

प्रिंसिपल सिमरित कौर ने प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व और नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी सोच और विजन बहुत व्यापक है। उनका व्यक्तित्व भी बेहद प्रभावशाली है। कॉलेज के 100वें वर्ष के समारोह के लिए प्रधानमंत्री ने निमंत्रण स्वीकार किया, जिससे पूरी एसआरसीसी फ्रेटरनिटी और दिल्ली विश्वविद्यालय में खुशी और गर्व का माहौल बना। एसआरसीसी दिल्ली विश्वविद्यालय का हिस्सा होने के कारण यह सम्मान पूरे विश्वविद्यालय के लिए भी महत्वपूर्ण है। 25 अप्रैल को जब कॉलेज की ओर से प्रधानमंत्री को समारोह में आमंत्रित किया गया था, उसी दौरान विशेष स्टाम्प जारी किया गया था। अब शताब्दी समारोह के अवसर पर कमेमोरेटिव कॉइन भी जारी किया गया।

सिमरित कौर ने कहा कि संस्थान के 100वें वर्ष में शिक्षक दिवस पर प्रधानमंत्री का आना विशेष महत्व रखता है। किसी भी शिक्षण संस्थान में शिक्षक की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक की सही गाइडेंस और मेंटरशिप के बिना विद्यार्थी के लिए सही दिशा चुनना कठिन हो सकता है। प्रिंसिपल ने एसआरसीसी की उपलब्धियों का श्रेय कॉलेज के शिक्षकों और पूर्व छात्रों को भी दिया। उन्होंने कहा कि कॉलेज के पूर्व छात्र देश और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में जाकर सफल हुए हैं और उन्होंने संस्थान का नाम रोशन किया है। उन्होंने पूर्व छात्रों को 'ग्लोबल सिटिजन' बताया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री न केवल स्वयं काम करने वाले नेता हैं, बल्कि युवाओं को भी विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने समावेशी और सतत विकास में युवा शक्ति की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

एसआरसीसी की वाइस प्रिंसिपल प्रोफेसर अरुणा ने कहा कि वह करीब 30 वर्षों से कॉलेज में पढ़ा रही हैं और इस दौरान उन्होंने कई शिक्षक दिवस देखे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों से हमेशा प्यार और सम्मान मिला, लेकिन शिक्षक दिवस पर देश के प्रधानमंत्री का कॉलेज आकर शिक्षकों का अभिनंदन करना उनके लिए बेहद गर्व का क्षण था। एक शिक्षक के तौर पर उनके जीवन में इससे बड़ा सम्मान शायद ही कोई हो सकता है। प्रोफेसर अरुणा ने प्रधानमंत्री के राजनीतिक सफर का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान भी उनका व्यक्तित्व प्रभावशाली था और अब राष्ट्रीय स्तर पर भी उनका प्रभाव बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि उनके अनुसार गुजरात मॉडल की चर्चा के बाद अब भारतीय मॉडल को भी विभिन्न स्थानों पर अपनाए जाने की बात सामने आ रही है। प्रोफेसर अरुणा ने देश की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है।

--आईएएनएस

पीएसके/एबीएम