शीत्सांग (तिब्बत) में तेजी हो रहा विकास
बीजिंग, 8 मार्च (आईएएनएस)। हाल के वर्षों में, शीत्सांग में चीन सरकार की नीतियों के कारण राजनीतिक, सांस्कृतिक और बुनियादी ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव आए हैं। चीन की सरकार ने शीत्सांग में अडिग रूप से राष्ट्रीय एकता को मजबूत और विकसित करने की नीति पर काम किया है। सरकार की यह कोशिश पूरे चीन की सभ्यता को एक रूप में ढालने की है। इसके जरिए वह शीत्सांग में विकास की नई कहानी लिख रहा है।
चीनी सरकार द्वारा शुरू तेज विकास प्रक्रिया की वजह से शीत्सांग के बुनियादी ढांचे में व्यापक बदलाव हुआ है। कभी शीत्सांग के इलाके कनेक्टिविटी संकट से जूझते थे, लेकिन अब शीत्सांग में सड़कों, हवाई अड्डों और रेलवे का जाल तेजी से बिछा दिया गया है। दो साल पहले, यानी साल 2024 तक, शीत्सांग के सभी प्रमुख शहरों को केंद्रीय पावर ग्रिड से जोड़ दिया गया और यहां के गांवों तक में 4जी सिग्नल की पहुंच बढ़ा दी गई।
इसी तरह 5 जी कनेक्टिविटी अब सभी छोटे शहरों के साथ ही करीब 70 प्रतिशत गांवों तक पहुंच गई है। इसकी वजह से शीत्सांग के हर इलाके में मोबाइल फोन कनेक्टिविटी सहज सुलभ हो गई है। इसके अलावा, वहां जलविद्युत के लिए नदियों और जलाशयों पर बड़े-बड़े बांध बनाए जा रहे हैं। इससे शीत्सांग में भरपूर बिजली मिलेगी। इससे यहां विकास को और ज्यादा तेज गति मिलेगी।
शीत्सांग अब एआई संचालित फेशियल रिकग्निशन कैमरे यानी चेहरे के जरिए व्यक्ति की पहचान करने वाले अत्याधुनिक कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही पूरे शीत्सांग में मोबाइल नेटवर्क बढ़ाने के चलते यहां डेटा संग्रह की अत्याधुनिक तकनीक भी आ गई है। शीत्सांग के बुनियादी ढांचे में बदलाव के चलते यहां पर्यटन बढ़ा है। इसके साथ ही यहां चीन के दूसरे इलाके के लोगों का प्रवास भी बढ़ा है। इससे कभी तिब्बती लोगों से भरा दिखने वाले ल्हासा शहर में अब चीन के दूसरे इलाके के लोगों की भी उपस्थिति बढ़ी है। ल्हासा और अन्य क्षेत्रों में ऊंची इमारतें, सुरंगें, हवाई अड्डे और रेल लिंक, तीव्र गति वाली रेलवे का तेज़ी से निर्माण हुआ है, जिससे ल्हासा शहर का स्वरूप पूरी तरह बदला नजर आ रहा है। शहरी और ग्रामीण आय में भी भारी वृद्धि हुई है और क्षेत्र से
गरीबी को पूरी तरह समाप्त किया गया है। इस इलाके में सड़क नेटवर्क 120,000 किलोमीटर तक फैल गया है, जो 2012 की तुलना में लगभग दोगुना है। शीत्सांग में तेज विकास की वजह से यहां की औसत जीवन प्रत्याशा 1951 के 35.5 वर्ष की तुलना में बढ़कर 2024 में 72 वर्ष से अधिक हो गई है। शीत्सांग की 1950 में जनसंख्या जहां 11 लाख 40 हजार के करीब थी, वह बढ़कर अब 36 लाख 50 हजार से ज्यादा हो गई है। तेज आर्थिक विकास की वजह से शीत्सांग का 2024 में क्षेत्रीय सकल घरेलू उत्पाद यानी जीडीपी 276.5 बिलियन युआन तक पहुंच गई है। यह 1965 की जीडीपी की तुलना में 155 गुना अधिक है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग) (लेखक- उमेश चतुर्वेदी)
--आईएएनएस
डीएससी